Breaking News

मुंबई: ED ने BJP नेता से जुड़े फॉरेस्ट लैंड स्कैम में 17.74Cr की प्रॉपर्टी अटैच की     |   आईएएस अशोक कुमार दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी बने, आर एलिश वाज की जगह लेंगे     |   BJP का अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार पटना स्थित प्रदेश कार्यालय पहुंचे     |   बांग्लादेश EC ने चुनाव के दिन मतदान केंद्रों के 400 गज दायरे में मोबाइल बैन किया     |   दिल्ली: शास्त्री पार्क इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर ₹80 लाख की लूट की     |  

अरिजीत सिंह ने कोलकाता में अनुष्का शंकर के साथ दी लाइव परफॉरमेंस, प्रशंसक हुए हैरान

Kolkata: पार्श्व गायन से संन्यास लेने की घोषणा करने के कुछ हफ्तों बाद अरिजीत सिंह ने कोलकाता में आयोजित एक संगीत कार्यक्रम में सितार वादक अनुष्का शंकर और तबला वादक बिक्रम घोष के साथ मिलकर पंडित रवि शंकर के गीत “माया भोरा राती...” की लाइव प्रस्तुति देकर प्रशंसकों को चौंका दिया। अनुष्का ने कार्यक्रम के लिए नेताजी इंडोर स्टेडियम पहुंचे अरिजीत को जब मंच पर आमंत्रित किया, तो उन्होंने कहा कि वह लाइव प्रस्तुति देने को लेकर बहुत घबराहट महसूस कर रहे हैं।

बाद में अनुष्का ने ‘इंस्टाग्राम’ पर कार्यक्रम से जुड़ा एक वीडियो साझा करते हुए अरिजीत के साथ प्रस्तुति के अनुभव बयां किए। अनुष्का ने लिखा, “बाद में कहने के लिए बहुत कुछ है, लेकिन फिलहाल मेरे दिल में भावनाओं का सैलाब उमड़ रहा है। अरिजीत सिंह को मेरे पिता के बेहद कम सुने गए बांग्ला गाने को गाते सुनना और कोलकाता के साथ हमारा नया संगीत साझा करना वाकई बहुत यादगार पल था।”

वहीं, घोष ने ‘इंस्टाग्राम’ पर अपने पोस्ट में अरिजीत की विनम्रता और वरिष्ठों के प्रति सम्मान के भाव की प्रशंसा की। उन्होंने लिखा, “प्रिय अनुष्का शंकर की ओर से आज रात कोलकाता में उनके संगीत कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया जाना बेहद खास था। 1990 और 2000 के दशक में हमने साथ में अनगिनत संगीत कार्यक्रम किए थे, जिनकी यादें ताजा हो गईं। मैंने गुरुजी पंडित रवि शंकर की रचना ‘फायर नाइट’ पर तबला वादन किया। मैं जल्द ही अपने वादन से जुड़ा अंश साझा करूंगा।”

घोष ने लिखा, “कार्यक्रम में अरिजीत को भी आमंत्रित किया गया था, जिन्होंने गुरुजी के गाने ‘माया भोरा राती...’ की अपनी प्रस्तुति से सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। इस गीत पर तबला वादन मैंने किया था। अरिजीत जिस तरह से अपने वरिष्ठों का सम्मान करते हैं, वह अनुकरणीय है। उनमें असीम शालीनता और विनम्रता है। वह हमेशा से ऐसे ही रहे हैं।

उन्होंने कहा, “अरिजीत हर चीज दिल से करते हैं। यह एक शानदार कार्यक्रम था, जिसमें एक सितार वादक और संगीतकार दोनों के रूप में अनुष्का की परिपक्वता की झलक देखने को मिली। उन्होंने अपने मनमोहक आकर्षण से सराबोर एक अद्भुत संगीत कार्यक्रम पेश किया।” इससे पहले, अनुष्का ने पिछले साल सितंबर में उत्तर लंदन में अरिजीत के शो में अप्रत्याशित प्रस्तुति देकर सबको चौंका दिया था।

अरिजीत ने 27 जनवरी को पार्श्व गायन से संन्यास लेने की स्तब्ध कर देने वाली घोषणा की थी। उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था, “नमस्कार। आप सभी को नये साल की हार्दिक शुभकामनाएं। श्रोताओं के रूप में इतने वर्षों तक मुझे इतना प्यार देने के लिए मैं आप सभी का आभार जताना चाहता हूं। मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि अब से मैं पार्श्व गायक के रूप में कोई नया काम नहीं लूंगा। मैं पार्श्व गायन को अलविदा कह रहा हूं। ये एक शानदार सफर रहा।”

जानकारों का कहना है कि कोलकाता में अनुष्का के संगीत कार्यक्रम में शिरकत करके अरिजीत ने यह संकेत दिया है कि वह एक संगीत पेशेवर के रूप में किस तरह की राह पर चलना चाहते हैं, एक ऐसी राह, जो मुंबई में व्यावसायिक संगीत निर्माण की मांगों से बंधी हुई नहीं है।