बिहार के कटिहार में छठ घाट बनाने के लिए की जा रही खुदाई के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की एक मूर्ति मिलने से इलाके में चर्चा तेज हो गई है। यह मूर्ति दौलत राम चौक स्थित जेके गोला परिसर में खुदाई के दौरान जमीन के अंदर मिली। मूर्ति मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौके पर पहुंचने लगे और दर्शन के लिए लोगों की भीड़ जुट गई।
दरअसल, छठ महापर्व को देखते हुए जेके गोला परिसर में कृत्रिम छठ घाट बनाया जा रहा था। इस बार श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए घाट का विस्तार किया जा रहा था। इसी काम के दौरान मजदूरों को जमीन के अंदर एक मूर्ति दिखाई दी। खुदाई करके जब मूर्ति को बाहर निकाला गया तो लोगों ने उसे भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा बताया।
मूर्ति मिलने की खबर पूरे शहर में फैल गई। इसके बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचने लगे। कुछ लोग इसे चमत्कार मान रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि इसका संबंध इस स्थान के धार्मिक इतिहास से हो सकता है।
पहले भी दीवार गिरने की घटनाओं को लेकर चर्चा
स्थानीय लोगों ने परिसर में पहले हुई कुछ घटनाओं का भी जिक्र किया है। उनका कहना है कि यहां बनाई गई दीवारें पहले भी गिर चुकी हैं। ऐसी ही एक घटना दुर्गा पूजा के दौरान होने की बात कही जा रही है। हालांकि, इन घटनाओं और अब मिली मूर्ति के बीच किसी तरह के संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।
धार्मिक आयोजनों के लिए प्रसिद्ध है जेके गोला परिसर
जेके गोला परिसर में कई वर्षों से धार्मिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। यहां भजन संध्या, भागवत कथा और धार्मिक प्रवचन जैसे आयोजन होते हैं। जया किशोरी, लखबीर सिंह लक्खा और आचार्य गौरव कृष्ण स्वामी जैसी जानी-मानी हस्तियां भी यहां कार्यक्रमों में शामिल हो चुकी हैं। इसके अलावा खाटू श्याम से जुड़े कई धार्मिक आयोजन भी इस परिसर में होते रहे हैं।
फिलहाल, जमीन से मिली भगवान श्रीकृष्ण की मूर्ति की उम्र, उत्पत्ति और यह किस काल की है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इसकी जांच कराने की मांग की है, ताकि मूर्ति के इतिहास का पता लगाया जा सके। अभी इस मूर्ति को परिसर में स्थित शिव मंदिर के अंदर रखा गया है। पुजारियों के साथ चर्चा के बाद ही इसे लेकर आगे का फैसला किया जाएगा।