केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दिल्ली के साकेत स्थित मैक्स स्मार्ट सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में 400 बेड वाले नए टावर का उद्घाटन किया। इस नए टावर के शुरू होने के बाद अस्पताल की कुल क्षमता बढ़कर करीब 1,200 बेड हो गई है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। दिल्ली के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, परिवहन और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री पंकज कुमार सिंह और दक्षिण दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
नए टावर का उद्देश्य दिल्ली-NCR के साथ-साथ देश के दूसरे हिस्सों से आने वाले मरीजों को बेहतर और आधुनिक इलाज की सुविधा देना है। मैक्स अस्पताल, साकेत में 22 से ज्यादा मेडिकल स्पेशियलिटी में इलाज की सुविधा उपलब्ध है। मैक्स हेल्थकेयर के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर अभय सोई ने कहा कि यह नई सुविधा आधुनिक तकनीक, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और अनुभवी भारतीय डॉक्टरों को एक साथ लाती है। इससे देश और विदेश के मरीजों को बेहतर और आधुनिक इलाज मिल सकेगा।
नए टावर में कई आधुनिक मेडिकल तकनीकें उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें Da Vinci Xi Surgical Robot और Mako Total Knee Replacement Robot शामिल हैं। इन तकनीकों की मदद से अलग-अलग बीमारियों के इलाज में कम चीरे वाली सर्जरी और ज्यादा सटीक प्रक्रियाएं की जा सकेंगी।मैक्स हेल्थकेयर के मुताबिक, कंपनी ने स्वास्थ्य सेवाओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के तहत पिछले साल करीब 3.60 लाख मरीजों को 244 करोड़ रुपये का मुफ्त इलाज दिया।
कंपनी ने बताया कि उसके Max Institute of Medical Sciences के जरिए 1.62 लाख छात्रों को उच्च शिक्षा, ट्रेनिंग और प्रोफेशनल लर्निंग कार्यक्रमों का लाभ मिला है। मैक्स हेल्थकेयर के मुताबिक, पिछले वित्त वर्ष में उसके अस्पतालों में 800 से ज्यादा शहरों और 180 देशों से आए 40 लाख से अधिक मरीजों का इलाज किया गया।
मैक्स हेल्थकेयर भारत की प्रमुख स्वास्थ्य सेवा कंपनियों में शामिल है। कंपनी के पास 21 हेल्थकेयर सुविधाएं और 6,100 से ज्यादा बेड हैं। इसका बड़ा नेटवर्क उत्तर भारत में है। कंपनी के अस्पताल और मेडिकल सेंटर दिल्ली-NCR के साकेत, पटपड़गंज, वैशाली, राजेंद्र प्लेस, द्वारका, नोएडा और शालीमार बाग समेत कई जगहों पर हैं। इसके अलावा लखनऊ, मुंबई, नागपुर, मोहाली, बठिंडा, देहरादून और भुवनेश्वर में भी इसकी स्वास्थ्य सुविधाएं हैं। मैक्स हेल्थकेयर अस्पतालों के अलावा Max@Home के जरिए घर पर स्वास्थ्य और वेलनेस सेवाएं और Max Lab के जरिए जांच की सुविधाएं भी उपलब्ध कराता है।