संसद के मानसून सत्र से पहले केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बागी तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता सुदीप बंद्योपाध्याय और नेशनल सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में शामिल हुए 19 अन्य लोकसभा सांसदों को रविवार को होने वाली सर्वदलीय बैठक में शामिल होने का निमंत्रण दिया है।सुदीप बंद्योपाध्याय को भेजे गए पत्र में रिजिजू ने कहा कि 20 सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से NCPI को अलग संसदीय दल के रूप में मान्यता देने का अनुरोध किया है, जो फिलहाल विचाराधीन है। उन्होंने सांसदों को संसद के आगामी मानसून सत्र के दौरान आने वाले महत्वपूर्ण विधायी कार्यों और अन्य मुद्दों पर चर्चा के लिए आमंत्रित किया।
यह बैठक 19 जुलाई सुबह 11 बजे संसद भवन एनेक्सी के मुख्य समिति कक्ष में होगी। रिजिजू ने सुदीप बंद्योपाध्याय के साथ-साथ डॉ. काकोली घोष दस्तिदार, जिन्हें NCPI का मुख्य सचेतक बनाया गया है, को भी बैठक में शामिल होने के लिए कहा है। संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक चलेगा। इस दौरान सरकार कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश कर सकती है, जबकि विपक्ष विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।
हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों के कारण इस बार मानसून सत्र के दौरान तीखी बहस और हंगामे की संभावना है। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के 20 लोकसभा सांसद NCPI में शामिल हो चुके हैं और अलग मान्यता की मांग कर रहे हैं। वहीं, TMC के तीन राज्यसभा सांसद इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए हैं। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के छह लोकसभा सांसद भी एकनाथ शिंदे गुट में शामिल हो चुके हैं। इससे पहले आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसद भी भाजपा का दामन थाम चुके हैं।
विपक्ष मानसून सत्र में NEET-UG पेपर लीक, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हुए नुकसान को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान समेत कई मुद्दे उठा सकता है। कांग्रेस ने इस मामले में रक्षा मंत्री के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस भी दिया है। वहीं, सरकार राष्ट्रीय महत्व के कई विधेयकों पर चर्चा और उन्हें पारित कराने की तैयारी में है।