समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि गठबंधन का सबसे बड़ा लक्ष्य चुनाव में जीत हासिल करना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि किस पार्टी को कितनी सीटें मिलती हैं, इसे गठबंधन का मुख्य मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए। सभी दलों को मिलकर गठबंधन की जीत सुनिश्चित करने पर ध्यान देना चाहिए।
अखिलेश यादव ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा, “बड़ी बात यह नहीं है कि गठबंधन कितनी सीटें जीतता है या कौन सी सीट किसे मिलती है, बड़ी बात यह है कि जीत गठबंधन की हो।” उन्होंने कहा कि जब लक्ष्य स्पष्ट होता है और गठबंधन के साथी मिलकर काम करते हैं तो मंजिल तक पहुंचने का रास्ता आसान हो जाता है। उन्होंने दोहराया कि मुद्दा सीटों का नहीं, बल्कि जीत का है।
गठबंधन की जीत को बताया बड़े हित से जुड़ा
सपा प्रमुख ने कहा कि प्रस्तावित गठबंधन की जीत अलग-अलग राजनीतिक दलों के हित से बड़ी होगी। उन्होंने इसे सांप्रदायिकता, लोकतंत्र, संविधान, आरक्षण और सामाजिक सद्भाव जैसे मुद्दों से जोड़ा। अखिलेश ने कहा कि गठबंधन को मिलकर ऐसा प्रयास करना चाहिए जिससे सांप्रदायिकता दोबारा सिर न उठा सके और लोकतंत्र, संविधान व आरक्षण पर बीजेपी का प्रभाव न पड़े। उन्होंने देश में सामाजिक सद्भाव, प्रगति और समृद्धि की बात भी कही।
2027 में यूपी में विधानसभा चुनाव
उत्तर प्रदेश में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर सीट बंटवारे की चर्चा अहम मानी जा रही है।सपा और कांग्रेस ने 2024 लोकसभा चुनाव उत्तर प्रदेश में INDIA गठबंधन के तहत मिलकर लड़ा था। सपा ने यूपी की 80 लोकसभा सीटों में से 37 सीटों पर जीत दर्ज की थी और प्रदेश में सबसे बड़ी पार्टी बनी थी। कांग्रेस ने 6 सीटें जीती थीं। अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट के अंत में लिखा, “संविधान की विजय—हिंदुस्तान की विजय!”