कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में 24 वर्षीय युवती की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक अलग मामले में दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा के आरोप में एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर (PSI) को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान अमृता के रूप में हुई है, जो जीवन बीमा नगर की रहने वाली थी। 13 जुलाई को आरोपी सूर्या अपने भाई धनुष के कहने पर अमृता के घर पहुंचा।
घर पर पहले अमृता की मां से बहस हुई। इसके बाद सूर्या ने अचानक चाकू निकालकर अमृता पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अमृता को पड़ोसियों ने अस्पताल पहुंचाया। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी सूर्या को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इलाज के दौरान 15 जुलाई की शाम अमृता की मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि अमृता और धनुष के परिवार एक धार्मिक कार्यक्रम में मिले थे। दोनों की दोस्ती बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। हालांकि, मार्च 2026 में अमृता ने यह रिश्ता खत्म कर दिया, जिसके बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद शुरू हो गया। पुलिस के मुताबिक, धनुष और सूर्या ने अमृता के भाई तेजस को फोन कर धमकी दी थी कि वे अमृता को "सबक सिखाएंगे"। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
एक अन्य मामले में बेंगलुरु पुलिस ने केंगेरी थाने में तैनात PSI बायरप्पा को दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बायरप्पा अपनी पत्नी से दहेज की मांग करता था और उसके साथ मारपीट भी करता था। जब पत्नी के पिता इस बारे में बात करने पहुंचे, तो आरोपी ने कथित तौर पर माचेते (धारदार हथियार) दिखाकर उन्हें धमकाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे अदालत में पेश किया गया। मामले की आगे की जांच जारी है।