Breaking News

धर्म बदलने के साथ आरक्षण खत्म, सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला     |   ‘कानून सबके लिए बराबर, पीड़ितों के साथ खड़े होना क्या गलत: सचिन पायलट     |   'PDA की हवा निकली, इनके समय में विकास नहीं हुआ', मिर्जापुर में बोले CM योगी     |   पाकिस्तान में गिरी स्कूल की छत, मारे गए 17 छात्र, एक टीचर की भी मौत     |   दिल्ली पुलिस ने बस में मारपीट के मामले में NSUI की महिला कार्यकर्ताओं के खिलाफ FIR दर्ज की     |  

योगी सरकार अगले छह महीने में देगी एक लाख से अधिक सरकारी नौकरियां: सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अगले छह महीने में एक लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। उन्होंने सरकारी भर्तियों में भ्रष्टाचार को लेकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सपा सरकार में नौकरी के विज्ञापन जारी होते ही वसूली शुरू हो जाती थी। मेहनत से परीक्षा की तैयारी करने वाले युवाओं के बजाय दूसरों को नियुक्ति पत्र मिलते थे।

मुख्यमंत्री गुरुवार को प्रयागराज के गवर्नमेंट प्रेस मैदान में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर के समर्थन में आयोजित स्नातक मतदाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भर्तियां पारदर्शिता और मेरिट के आधार पर की जा रही हैं। इस दौरान उन्होंने स्नातक मतदाताओं से 23 अक्टूबर को भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

अगले छह महीने में एक लाख से अधिक नौकरियों का लक्ष्य

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अखिलेश यादव रोजगार को लेकर सवाल पूछते रहते हैं। अब अगले छह महीने में एक लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस भर्ती के तहत 32 हजार युवाओं को नौकरी दी जा रही है। चार हजार उपनिरीक्षकों की भर्ती पूरी हो चुकी है और उनके नियुक्ति पत्र जल्द वितरित किए जाएंगे। इसके अलावा 42 हजार होमगार्ड की भर्ती पूरी हो चुकी है। लोक सेवा आयोग, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग और शिक्षा सेवा चयन आयोग की आगामी भर्तियों से 30 से 35 हजार युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, अब तक साढ़े छह लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सभी भर्तियों में आरक्षण के नियमों का पालन करते हुए मेरिट को प्राथमिकता दी जा रही है।

सपा सरकार में भर्तियों में भ्रष्टाचार का लगाया आरोप

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा सरकार में भर्ती प्रक्रिया में गड़बड़ियों के कारण युवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता था और कई मामलों में न्यायालय को हस्तक्षेप करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि सैफई सिंडिकेट के जरिए अयोग्य व्यक्ति को आयोग का अध्यक्ष बनाकर युवाओं के साथ अन्याय किया गया।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2017 से 2024 के बीच सरकारी नौकरियां देने के मामले में भाजपा सरकार का प्रदर्शन सपा के चार कार्यकाल की तुलना में चार गुने से अधिक रहा।

योग्य गुरु ही निखारता है प्रतिभा

मुख्यमंत्री योगी ने प्रयागराज की शैक्षिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह धरती लंबे समय से शिक्षा और ज्ञान का केंद्र रही है। महर्षि भारद्वाज की परंपरा से लेकर इलाहाबाद विश्वविद्यालय तक, प्रयागराज ने देश को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने कहा कि योग्य गुरु ही विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारता है। भगवान राम के गुरु वशिष्ठ, भगवान कृष्ण के गुरु संदीपनी, चंद्रगुप्त मौर्य के मार्गदर्शक आचार्य चाणक्य और स्वामी विवेकानंद के गुरु रामकृष्ण परमहंस का उदाहरण देते हुए उन्होंने शिक्षकों के महत्व को समझाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण और लोक कल्याण का आधार बननी चाहिए। उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन का भी उल्लेख किया।

सपा के लिए परिवार ही प्रदेश, भाजपा के लिए प्रदेश ही परिवार

मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के लिए परिवार ही प्रदेश था, जबकि भाजपा सरकार के लिए पूरा प्रदेश ही परिवार है। सरकार 25 करोड़ प्रदेशवासियों के हितों को ध्यान में रखकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के साथ उन्हें उद्यमी बनाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है। वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में करीब 120 स्टार्टअप थे, जबकि अब इनकी संख्या 24 हजार से अधिक हो गई है।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत युवाओं को ब्याज मुक्त और गारंटी मुक्त ऋण उपलब्ध कराने के साथ मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के जरिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि युवा अब नौकरी पाने वाले ही नहीं, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाले भी बन रहे हैं।

शिक्षामित्रों का मानदेय तीन हजार से बढ़ाकर 18 हजार रुपये किया

मुख्यमंत्री ने शिक्षकों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों के लिए किए गए प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शिक्षामित्रों का मानदेय तीन हजार रुपये से बढ़ाकर 18 हजार रुपये किया गया है।

उन्होंने बताया कि बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा के शिक्षकों को सामाजिक सुरक्षा और पांच लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों को भी इन सुविधाओं से जोड़ने की बात कही।

माफिया से मुक्त जमीन पर गरीबों के लिए बन रहे आवास

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि एक समय प्रयागराज की पहचान पर माफिया का प्रभाव था, लेकिन अब प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बदली है। उन्होंने दावा किया कि माफिया के खिलाफ कार्रवाई से आम नागरिकों और युवाओं के लिए आगे बढ़ने के अवसर बढ़े हैं।

उन्होंने कहा कि माफिया से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए बहुमंजिला आवास बनाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने महाकुंभ में 66 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का उल्लेख करते हुए इसे प्रयागराज में बदली व्यवस्था और बेहतर प्रबंधन का उदाहरण बताया।

23 अक्टूबर को मतदान, अशोक राठौर के समर्थन में अपील

मुख्यमंत्री ने बताया कि इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। उन्होंने कहा कि मतदान के दिन अवकाश घोषित किया गया है, ताकि पात्र मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकें।

उन्होंने स्नातक मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर को विजयी बनाने की अपील की और उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में मतदान की अपील की। उन्होंने कहा कि चुनाव बैलेट पेपर से होगा और दावा किया कि भाजपा प्रदेश की सभी 11 सीटों पर जीत हासिल करेगी। औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' ने कहा कि उत्तर प्रदेश माफियाराज से निकलकर एक्सप्रेसवे, औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसरों के साथ विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।

सम्मेलन में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, पशुधन राज्यमंत्री कृष्णा पासवान, सांसद प्रवीण पटेल, राज्यसभा सदस्य राधाकांत ओझा, महापौर गणेश केसरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह, विधान परिषद सदस्य मानवेंद्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।