मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न स्वरोजगार योजनाएं चला रही है। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के जरिए युवाओं और महिलाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। अमेठी की अर्चना त्रिपाठी इस योजना से लाभ लेकर सफलता की नई कहानी लिख रही हैं।

मुसाफिरखाना नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या-8, पूरे भवानी बक्स की रहने वाली अर्चना कभी गृहिणी थीं। अपना व्यवसाय शुरू करने की इच्छा थी, लेकिन आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण वह आगे नहीं बढ़ पा रही थीं। इसी बीच उन्हें बैंक के माध्यम से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की जानकारी मिली। योजना के तहत आर्थिक सहायता मिलने के बाद उन्होंने अपना ‘अर्चना ब्यूटी पार्लर’ शुरू किया।

अर्चना को जनवरी 2025 में बैंक के माध्यम से 2.12 लाख रुपये का ऋण मिला। इसी राशि से उन्होंने ब्यूटी पार्लर की शुरुआत की। उनका कहना है कि योजना से मिली आर्थिक मदद ने न सिर्फ व्यवसाय शुरू करने में सहायता की, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ाया। जिस व्यवसाय को लेकर उन्होंने कभी केवल सपना देखा था, आज वही उनकी आमदनी का जरिया बन चुका है।

ब्यूटी पार्लर शुरू होने के बाद अर्चना की आर्थिक स्थिति में बड़ा बदलाव आया है। आज वह अपने व्यवसाय से हर महीने करीब 30 से 40 हजार रुपये कमा रही हैं। उनके परिवार में छह सदस्य हैं। अर्चना के मुताबिक, व्यवसाय शुरू होने के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति पहले से बेहतर हुई है और अब वह घर की जिम्मेदारियों में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

अर्चना अब अपने ब्यूटी पार्लर का और विस्तार करना चाहती हैं। उनका लक्ष्य बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाना है।अर्चना का कहना है कि अगर महिलाओं को सही अवसर, मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग मिले तो वे अपने पैरों पर खड़ी होकर सफल उद्यमी बन सकती हैं। वह दूसरी महिलाओं को भी स्वरोजगार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं। अर्चना त्रिपाठी की कहानी बताती है कि आर्थिक सहायता और सही अवसर मिलने पर महिलाएं अपने हुनर को व्यवसाय में बदलकर न सिर्फ खुद आत्मनिर्भर बन सकती हैं, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत कर सकती हैं। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत मिली मदद ने अर्चना के लिए गृहिणी से उद्यमी बनने का रास्ता आसान किया है।