मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक पटल पर अपनी आर्थिक शक्ति का नया अध्याय लिखा है। भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और आत्मनिर्भरता, नवाचार तथा विकास के नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ नए भारत में लोकतंत्र की जड़ें और मजबूत हुई हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने विचार साझा करते हुए कहा कि नए भारत में आम जनता नीति निर्माण के केंद्र में है। गरीब कल्याण सरकार की प्राथमिकता है, जबकि अंत्योदय आत्मनिर्भरता का आधार बन रहा है। जनभागीदारी विकास को जन आंदोलन का रूप दे रही है।
नारी सशक्तीकरण और डिजिटल नवाचार को मिल रहा बढ़ावा
सीएम योगी ने कहा कि नए भारत में सामाजिक न्याय, नारी सशक्तीकरण, डिजिटल नवाचार और आर्थिक समृद्धि की संभावनाएं साकार हो रही हैं। आस्था, अस्मिता और आत्मविश्वास से परिपूर्ण भारत विकास के नए अवसर तैयार कर रहा है। विकास की यह यात्रा लोगों की आकांक्षाओं को अवसरों में बदलते हुए देश की सामर्थ्य को लगातार बढ़ा रही है।
देश की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहीं कुछ राजनीतिक ताकतें
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया के कई हिस्से हिंसा और अस्थिरता से जूझ रहे हैं, लेकिन भारत लोकतांत्रिक स्थिरता, आर्थिक प्रगति और सांस्कृतिक चेतना के साथ लगातार आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक ताकतें सत्ता के स्वार्थ में देश को अस्थिरता, अराजकता और अलगाववाद की ओर धकेलने का प्रयास कर रही हैं। उनके अनुसार, ऐसी ताकतें राष्ट्रीय हितों को ताक पर रखकर वैश्विक मंचों पर भारत की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रही हैं।
विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभा रहा उत्तर प्रदेश
सीएम योगी ने कहा कि तमाम चुनौतियों के बावजूद भारत विकास के लक्ष्यों को हासिल करने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इस राष्ट्रीय यात्रा में उत्तर प्रदेश भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश अपनी विशाल कृषि क्षमता, बढ़ते औद्योगिक आधार, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और युवा शक्ति के दम पर कृषि से विनिर्माण तक तथा निवेश से रोजगार सृजन तक विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति को गति दे रहा है।
राष्ट्रहित सर्वोपरि, विकास की गति रहेगी अविराम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार का संकल्प स्पष्ट है—राष्ट्रहित सर्वोपरि रखना, राष्ट्रीय एकता को अक्षुण्ण बनाए रखना और विकास की गति को निरंतर जारी रखना। उन्होंने कहा कि राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ भारत की प्रगति का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।