पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को मतदान के शुरुआती दो घंटों में 18.76 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 16 जिलों की 152 विधानसभा सीटों पर सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और सुबह नौ बजे तक 3.60 करोड़ मतदाताओं में से 18.76 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
निर्वाचन आयोग के मुताबिक, शुरुआती दो घंटों में बांकुड़ा विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 22.05 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद मुर्शिदाबाद के समसेरगंज में 21.85 प्रतिशत और पश्चिम मेदिनीपुर के चंद्रकोणा में 21.83 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। कूचबिहार दक्षिण में सबसे कम 15.57 प्रतिशत मतदान हुआ।
इसके बाद मालदा के चांचल में 15.64 प्रतिशत और हरिश्चंद्रपुर में 15.98 प्रतिशत मतदान हुआ।कुछ स्थानों पर ईवीएम में खराबी के कारण मतदान प्रभावित हुआ। अधिकारियों ने कहा कि इन्हें ठीक करने का काम जारी है। कांग्रेस के सूरी से उम्मीदवार संजय अधिकारी ने आरोप लगाया कि सुबह सात बजे मतदान केंद्र पहुंचने के बावजूद ईवीएम में खराबी के कारण वे वोट नहीं डाल सके।
उन्होंने करीब एक घंटे तक मतदान रुके रहने के बाद कहा, ‘‘हमने जिला मजिस्ट्रेट और स्थानीय मतदान अधिकारी से शिकायत कर दी है, लेकिन अब तक मशीन ठीक नहीं हुई है। बूथ के बाहर सैकड़ों मतदाता कतार में खड़े हैं और यहां निर्वाचन आयोग का कोई प्रतिनिधि नहीं है, जो बता सके कि मतदान फिर कब शुरू होगा।’’
मालतीपुर से कांग्रेस उम्मीदवार मौसम नूर ने भी मतदान किया और अपनी जीत को लेकर भरोसा जताया। उन्होंने कहा, ‘‘अब तक की रिपोर्ट के अनुसार सब कुछ शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा है।’’ अधिकारियों ने बताया कि कुछ जगहों से रातभर हिंसा की घटनाएं भी सामने आई हैं। पहले चरण में कई दिग्गज उम्मीदवार मैदान में हैं।
मुख्य उम्मीदवारों में नंदीग्राम से नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी (बीजेपी), माथाभांगा से पूर्व केंद्रीय मंत्री निशीथ प्रमाणिक (बीजेपी), दिनहाटा से राज्य के मंत्री उदयन गुहा (तृणमूल कांग्रेस), सिलीगुड़ी से गौतम देव (तृणमूल कांग्रेस) और बहरामपुर से अधीर रंजन चौधरी (कांग्रेस) शामिल हैं। शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम के नंदनायकबर प्राथमिक विद्यालय में मतदान किया और लोगों से शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने की अपील की।
बीजेपी के खड़गपुर सदर से उम्मीदवार दिलीप घोष ने भी पश्चिम मेदिनीपुर जिले के औद्योगिक नगर में सेरोसा स्टेडियम स्थित बूथ संख्या 263 पर मतदान किया।
मतदान के बाद घोष ने कहा, ‘‘मुझे ज्यादा घूमने की जरूरत नहीं लगती। लोग शांतिपूर्वक तरीके से मतदान कर रहे हैं। स्थिति सामान्य है।’’ पहले चरण में राज्य की 294 सीटों में से आधे से अधिक सीटों पर मतदान हो रहा है। इसे बीजेपी के लिए शुरुआती बढ़त बनाने का बड़ा अवसर और सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के लिए लगातार चौथी बार सत्ता में लौटने की सबसे अहम परीक्षा माना जा रहा है। राज्य में दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा और मतगणना चार मई को होगी।
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव: पहले चरण में शुरुआती दो घंटे में 18.76 प्रतिशत मतदान दर्ज
You may also like
‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ पर बढ़ा विवाद, कांग्रेस सांसद ने PM मोदी को लिखा पत्र, रोक लगाने की मांग तेज.
"मुझ पर अचानक हमला हुआ, एडिशनल SP को सस्पेंड किया जाए": हुमायूं कबीर.
मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला ने तिरुमला तिरुपति मंदिर में किए दर्शन.
भारतीय पुरुषों की थॉमस कप में खिताब पर निगाह, उबर कप में महिलाओं की होगी कड़ी परीक्षा.