छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों की 49 लोकसभा सीट पर आज पांचवें फेज के लिए वोटिंग जारी है।
इस फेज में दो हाई प्रोफाइल सीट रायबरेली और अमेठी में भी वोटिंग होगी। इनके अलावा इस फेज में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह और जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की चुनावी किस्मत का भी फैसला होगा।
इस दौर में 4.26 करोड़ महिलाओं और 5,409 थर्ड जेंडर के वोटरों सहित 8.95 करोड़ से अधिक लोग वोट डालेंगे। इनके लिए 94,732 पोलिंग स्टेशनों पर 9.47 लाख वोटिंग अधिकारी तैनात किए गए हैं।
महाराष्ट्र की 13, उत्तर प्रदेश की 14, पश्चिम बंगाल की सात, बिहार की पांच, झारखंड की तीन, ओडिशा की पांच और जम्मू-कश्मीर तथा लद्दाख की एक-एक सीट पर वोट डाले जाएंगे।
पांचवें फेज में जिन सीटों पर वोटिंग है उनमें से 40 से अधिक सीट एनडीए के पास है।
वोटिंग की पूर्व संध्या पर चुनाव आयोग ने रविवार को बताया कि मुंबई, ठाणे और लखनऊ के मतदाताओं ने अतीत में वोटिंग के लिए उदासीनता दिखाई है। आयोग ने वहां के शहरवासियों से अधिक संख्या में वोट डालने की अपील की है।
पिछले चार फेज में अब तक कुल 66.95 फीसदी वोटिंग हुई है।
लोकसभा चुनाव के पांचवें फेज में दूसरे अहम उम्मीदवारों में कई केंद्रीय मंत्री शामिल हैं, जिनमें राजनाथ सिंह (लखनऊ, उत्तर प्रदेश), पीयूष गोयल (मुंबई उत्तर, महाराष्ट्र), साध्वी निरंजन ज्योति (फतेहपुर, उप्र) और शांतनु ठाकुर (बनगांव, पश्चिम बंगाल), एलजेपी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान (हाजीपुर, बिहार), शिवसेना के श्रीकांत शिंदे (कल्याण, महाराष्ट्र) और बीजेपी के राजीव प्रताप रूडी तथा आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य (दोनों सारण, बिहार) शामिल हैं।
ओडिशा की 35 विधानसभा सीटों के लिए भी वोटिंग होगी, जहां बीजेडी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक उम्मीदवारों में शामिल हैं। उत्तरी महाराष्ट्र और मुंबई महानगर एरिया के 13 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होगी। इस फेज में 2.46 करोड़ लोग 264 उम्मीदवारों की चुनावी किस्मत का फैसला करेंगे।
केरल के वायनाड से चुनाव लड़ने वाले राहुल गांधी, नेहरू-गांधी परिवार का गढ़ रही रायबरेली सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। अब तक उनकी मां सोनिया गांधी 2004 से यहां सांसद रहीं थीं। बीजेपी ने उत्तर प्रदेश के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह को इस सीट से मैदान में उतारा है।
वहीं, अमेठी में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी चुनाव मैदान में हैं, जबकि गांधी परिवार के करीबी के. एल. शर्मा को कांग्रेस ने चुनाव मैदान में उतारा है। 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी में ईरानी ने राहुल गांधी को हराया था।
लखनऊ से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की चौथे कार्यकाल पर नजर हैं। उनका मुकाबला एसपी के मौजूदा विधायक (लखनऊ मध्य से) रविदास मेहरोत्रा से है। उत्तर प्रदेश में इस फेज में 14 लोकसभा सीट मोहनलालगंज (आरक्षित), लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, जालौन (आरक्षित), झांसी, हमीरपुर, बांदा, फतेहपुर, कौशाम्बी (आरक्षित), बाराबंकी (आरक्षित), फैजाबाद, कैसरगंज, गोंडा में वोटिंग होगी।
जम्मू-कश्मीर के बारामूला में 22 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट पर 17.37 लाख लोग वोट डालेंगे। पश्चिम बंगाल में सात सीटों पर वोटिंग होगी। राज्य की बनगांव, बैरकपुर, हावड़ा, उलुबेरिया, सेराम्पुर, हुगली और आरामबाग लोकसभा सीट के लिए वोट डाले जाएंगे।
बिहार की पांच लोकसभा सीट सारण, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, सीतामढ़ी और मधुबनी में भी सोमवार को वोटिंग होगी। हाजीपुर से चिराग पासवान चुनाव लड़ रहे हैं, वहीं बाकी दो सीट पर बीजेपी के उम्मीदवार मैदान में हैं।
सारण में पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी का मुकाबला राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) अध्यक्ष लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य से है। झारखंड में तीन लोकसभा सीट और गांडेय विधानसभा सीट के उपचुनाव के लिए वोट डाले जाएंगे। ओडिशा की पांच लोकसभा सीट और 35 विधानसभा क्षेत्रों के लिए वोटिंग होगी।
छठे और सातवें फेज की वोटिंग 25 मई और एक जून को होगी। वोटों की गिनती चार जून को होगी।