Tamil Nadu: निर्वाचन आयोग ने अभिनेता और राजनीतिज्ञ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) को 'सीटी' चुनाव चिह्न आवंटित किया है। एक वरिष्ठ नेता ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पार्टी नेता सीटीआर निर्मल कुमार ने बताया कि प्रस्तावित दस प्रतीकों में से ‘सीटी’ विजय की प्राथमिकता वाला प्रतीक था।
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, "तमिलनाडु के लोगों की अपेक्षा है कि हमारा नेता मुख्यमंत्री बनें। इस दिशा में पहले कदम के रूप में यह प्रतीक दिया गया है।" कुमार ने कहा कि पार्टी के गठन के दो साल होने के बाद, वर्ष 2026 का विधानसभा चुनाव 50 वर्षीय विजय की अध्यक्षता वाले टीवीके के लिए पहला चुनावी रण होगा।
उन्होंने पार्टी की भारी जीत और विजय के मुख्यमंत्री बनने के प्रति भरोसा व्यक्त किया। ज्ञात हो कि अभिनेता विजय की वर्ष 2024 की फिल्म 'गोट' का मशहूर गीत "व्हिसल पोदु" (सीटी बजाओ) भी इस प्रतीक से मेल खाता है।
उन्होंने 'बिगिल' नामक फिल्म में भी अभिनय किया था, जिसका अर्थ भी 'सीटी' होता है। इस बीच, कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता प्रवीण चक्रवर्ती ने कहा कि राज्य में 2026 के विधानसभा चुनाव के लिए 'सीटी' बज चुकी है।
चक्रवर्ती की विजय के साथ कथित बैठक ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी थी। उन्होंने कहा, "तमिलनाडु 2026 चुनाव की 'सीटी' बज चुकी है! अब सभी दल तैयार हैं।"