पंजाब के मशहूर डेयरी ब्रांड वेरका ने अपने कई तरह के पैकेट वाले दूध की कीमतें बढ़ा दी हैं। नई दरें 13 नवंबर की सुबह से लागू हो गई हैं। दूध के अलग-अलग पैक पर 1 रुपये से लेकर 8 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। इसका असर पंजाब के साथ दिल्ली-NCR और आसपास के इलाकों में भी पड़ेगा।
पंजाब स्टेट कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स फेडरेशन लिमिटेड की ओर से जारी सर्कुलर के मुताबिक, दूसरी प्रमुख डेयरी कंपनियों की कीमतों पर चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया है।
500 ML दूध की नई कीमतें
नई दरों के मुताबिक, 500 ML फुल क्रीम दूध 36 रुपये से बढ़कर 38 रुपये का हो गया है। स्टैंडर्ड दूध की कीमत 33 रुपये से बढ़ाकर 35 रुपये कर दी गई है। वहीं, टोंड दूध 30 से बढ़कर 31 रुपये और डबल टोंड दूध 27 से बढ़कर 28 रुपये का हो गया है। इसके अलावा, 500 ML गाय का दूध 31 रुपये से बढ़कर 33 रुपये और स्किम्ड मिल्क 24 रुपये से बढ़कर 25 रुपये का हो गया है।
1 लीटर और बड़े पैक के दाम भी बढ़े
एक लीटर फुल क्रीम दूध की कीमत 72 रुपये से बढ़ाकर 76 रुपये कर दी गई है। स्टैंडर्ड दूध अब 65 रुपये की जगह 69 रुपये में मिलेगा। टोंड दूध 59 से बढ़कर 61 रुपये और डबल टोंड दूध 53 से बढ़कर 55 रुपये का हो गया है।
डेढ़ लीटर वाले फुल क्रीम दूध की कीमत 106 रुपये से बढ़कर 112 रुपये हो गई है। स्टैंडर्ड दूध 96 रुपये की जगह 102 रुपये में मिलेगा। वहीं, डेढ़ लीटर गाय का दूध अब 90 रुपये की जगह 96 रुपये का हो गया है। दो लीटर वाले फुल क्रीम दूध की कीमत 142 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये कर दी गई है। स्टैंडर्ड दूध अब 128 रुपये की जगह 136 रुपये में मिलेगा।
कुछ पैक की कीमतों में नहीं हुआ बदलाव
वेरका ने 180 ML डबल टोंड दूध और 350 ML टोंड दूध की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। हालांकि, मौजूदा पैकेजिंग फिल्म का स्टॉक खत्म होने के बाद 350 ML टोंड दूध का पैक घटाकर 320 ML और 450 ML स्टैंडर्ड दूध का पैक घटाकर 430 ML कर दिया जाएगा।
फेडरेशन ने यह भी स्पष्ट किया है कि बल्क मिल्क की अधिकतम खुदरा कीमतों में कोई बदलाव नहीं होगा। डिस्ट्रीब्यूटर और रिटेलर का मार्जिन भी पहले जैसा ही रहेगा।
इन इलाकों में लागू होंगी नई दरें
नई कीमतें पंजाब, चंडीगढ़, पंचकूला, मोहाली, कालका, रोपड़ और आसपास के इलाकों में लागू होंगी। कुछ अन्य क्षेत्रों में दूध की सप्लाई के लिए पैकेट पर अतिरिक्त प्रिंटिंग शुल्क भी तय किया गया है। शिमला, सोलन, बद्दी, परवाणू और नालागढ़ के लिए एक लीटर के पैक पर 2 रुपये और डेढ़ लीटर के पैक पर 3 रुपये अतिरिक्त शुल्क लगेगा। वहीं, उत्तराखंड, बिलासपुर, नाहन और पांवटा साहिब के रूट पर यह शुल्क क्रमशः 4 रुपये और 5 रुपये होगा।