उत्तर प्रदेश में युवाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता के अवसरों से जोड़ने के लिए योगी सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी दिशा में नवरात्र के अवसर पर उत्तर प्रदेश इंडस्ट्रियल कंसल्टेंट्स लिमिटेड (यूपीकॉन) ने ‘उद्यमी बडी’ मैस्कॉट लॉन्च किया है। इस पहल का उद्देश्य युवाओं, खासकर बेटियों को अपने सपनों को पहचानने, नए कौशल सीखने और अपने विचारों को व्यवसाय में बदलने के लिए प्रेरित करना है।
लखनऊ, मुरादाबाद, आजमगढ़, मिर्जापुर, गोरखपुर, प्रयागराज, गोंडा और वाराणसी समेत प्रदेश के विभिन्न यूथ अड्डा केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों में सैकड़ों युवाओं ने हिस्सा लिया। इनमें अपना व्यवसाय शुरू करने की इच्छुक युवतियों के साथ पहले से उद्यम चला रहीं महिला उद्यमी भी शामिल रहीं।
‘मेरा सपना, मेरी शक्ति’ से मिला आत्मनिर्भरता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान ‘मेरा सपना, मेरी शक्ति’ गतिविधि आयोजित की गई। इसमें प्रतिभागियों ने अपने सपनों को लिखा और उन कौशलों के बारे में बताया, जिन्हें वे भविष्य में सीखना चाहते हैं। इस गतिविधि का उद्देश्य युवाओं को अपनी रुचि और क्षमता पहचानने तथा अपने विचारों को कारोबार में बदलने के लिए प्रोत्साहित करना था। बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।
युवाओं के सपनों और नई सोच का प्रतीक है ‘उद्यमी बडी’
‘उद्यमी बडी’ को एक युवा लड़की के रूप में तैयार किया गया है। यह मैस्कॉट नई पीढ़ी की उस सोच को दर्शाता है, जिसमें युवा अपनी प्रतिभा और कौशल के दम पर नए अवसर तलाशते हैं और अपनी अलग पहचान बनाना चाहते हैं। नवरात्र के दौरान इसे महिला शक्ति और आत्मनिर्भरता के संदेश से जोड़कर युवतियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया गया।
सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
यूथ अड्डा केंद्रों पर आयोजित कार्यक्रमों में युवाओं को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा), मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना (एनवाईएसवाई) और एमएसएमई विभाग की अन्य ऋण एवं सहायता योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि इन योजनाओं के तहत मिलने वाली वित्तीय सहायता और मार्गदर्शन का लाभ लेकर वे अपने व्यावसायिक विचारों को वास्तविक रूप दे सकते हैं।
यूपीकॉन के यूथ अड्डा केंद्रों के माध्यम से युवाओं को उद्यमिता संबंधी जानकारी, मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इससे युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ खुद रोजगार पैदा करने के लिए भी प्रोत्साहन मिल रहा है।
रोजगार देने वाले बनें युवा: यूपीकॉन
यूपीकॉन के प्रबंध निदेशक प्रवीण सिंह ने कहा कि संस्था की पहल का उद्देश्य युवाओं, विशेषकर महिलाओं को उद्यमिता के अवसरों से जोड़ना और उन्हें स्वयं रोजगार सृजित करने के लिए प्रेरित करना है। यूथ अड्डा के माध्यम से युवाओं को जरूरी जानकारी, मार्गदर्शन और सरकारी योजनाओं से जुड़ने का अवसर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ‘उद्यमी बडी’ केवल एक मैस्कॉट नहीं है, बल्कि युवाओं को सपने देखने, कौशल सीखने और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देने वाला संदेश है। यह पहल प्रदेश में उद्यमिता को बढ़ावा देने और युवाओं को रोजगार देने वाला बनाने के प्रयासों को मजबूती प्रदान करेगी।