Breaking News

गलत इरादे से हुआ बयान का इस्तेमाल: कॉकरोच वाले बयान पर बोले CJI सूर्यकांत     |   PM पर राहुल गांधी का बयान निम्नस्तरीय और निंदनीय, व्यक्तिगत पीड़ा हुई: राजनाथ सिंह     |   उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने चमोली टनल हादसे में लोगों की मौत पर दुख जताया     |   जुलाई में थोक मूल्य महंगाई में गिरावट, जुलाई में 0.9% घटकर 9.78 फीसदी रही     |   आरजी कर रेप-मर्डर केस: पूर्व TMC MLA निर्मल घोष पर पुलिस स्टेशन के बाहर भीड़ का हमला     |  

दिल्ली में दर्दनाक हादसा, DTC बस ने स्कूटर को मारी टक्कर, 12 साल की बच्ची की मौत

दिल्ली के न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 साल की बच्ची की मौत हो गई। बच्ची अपने छोटे भाई के साथ स्कूटर पर स्कूल जा रही थी, तभी एक DTC बस ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने DTC बस में तोड़फोड़ कर दी।

मृतक बच्ची की पहचान कायना पाल के रूप में हुई है। उसके पिता अमन पाल ने बताया कि कायना अपने छोटे भाई के साथ स्कूल जा रही थी। वह ईस्ट पॉइंट स्कूल में पढ़ती थी। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने के साथ ही घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बच्ची की मौत से नाराज लोगों ने DTC बस में तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और मामले की जांच शुरू की। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किस वजह से हुआ और बस चालक की इसमें क्या भूमिका थी।

दिल्ली में इससे पहले 25 जुलाई को वसंत कुंज इलाके में भी एक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक, नांगल देवात रेड लाइट के पास युवक की कार फिसलकर नाले में जा गिरी और पलट गई। मृतक की पहचान यशवेंद्र के रूप में हुई थी। हादसे के वक्त उसके साथ वसंत कुंज की रहने वाली एक युवती भी कार में मौजूद थी। दोनों ने पिछली रात एक दोस्त के घर बिताई थी और सुबह युवती के घर की ओर जा रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच और कार में मौजूद युवती के बयान के आधार पर सड़क गीली और फिसलन भरी होने के कारण यशवेंद्र ने कार पर नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कार नाले में जा गिरी और पलट गई। हादसे में यशवेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।पुलिस ने बताया कि कार युवती के नाम पर थी, लेकिन हादसे के समय उसे यशवेंद्र चला रहा था। दोनों अमेरिका के एक ही संस्थान में उच्च शिक्षा की पढ़ाई कर रहे थे और वहीं उनकी दोस्ती हुई थी।

यशवेंद्र के पिता भारतीय सेना में अधिकारी हैं। वहीं, कार में मौजूद युवती वसंत कुंज की रहने वाली है। उसके पिता ओखला की एक निजी कंपनी में साइबर सिक्योरिटी के क्षेत्र में काम करते हैं, जबकि उसकी मां गृहिणी हैं। दिल्ली में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसे एक बार फिर तेज रफ्तार, सड़क की स्थिति और यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करते हैं। न्यू अशोक नगर हादसे में एक मासूम की जान जाने के बाद अब पुलिस की जांच से यह साफ होगा कि दुर्घटना की असली वजह क्या थी।