Breaking News

CM विजय का बड़ा ऐलान, चेन्नई में 20 लाख वर्गफुट में बनेगा नया सचिवालय     |   राम मंदिर ट्रस्ट के नवनियुक्त CEO एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र (रिटायर्ड) अयोध्या पहुंचे     |   'ईरान के साथ कारोबार करने वाले देशों पर लगाएंगे प्रतिबंध', अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो बोले     |   एक्टर दुनिया विजय के बेटे के खिलाफ केस दर्ज, क्लासमेट से दुर्व्यवहार करने पर एक्शन     |   'ईरान पर फिर से अटैक करने को तैयार अमेरिका', ट्रंप का बड़ा ऐलान     |  

Odisha: झारसुगुड़ा में नाव पलटने से मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई सात

ओडिशा के झारसुगुड़ा जिले में शनिवार को नाव पलटने से पांच और शव बरामद होने के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर सात हो गई। अधिकारियों ने ये जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ओडिशा आपदा रैपिड एक्शन फोर्स के कर्मियों ने शुक्रवार को नाव पलटने के तुरंत बाद बचाव अभियान शुरू किया और नदी से पांच और शव बरामद किए।

उन्होंने बताया,"पहले दो शव बरामद किए गए थे, बाद में पांच और डेड बॉडी बरामद की गई। जिसके बाद संख्या बढ़कर सात पहुंच गई है। हीराकुंड से बरामद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।" अधिकारी ने कहा, "पांच स्कूबा डाइवर अपने हेडगियर में कैमरे लगाए हुए बचाव अभियान में शामिल हुए और दो महिलाओं और तीन लड़कों के शव बरामद किए। बचाव अभियान अभी भी जारी है।"

सभी मृतक पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के खरसेनी इलाके के रहने वाले हैं। ये घटना तब हुई जब करीब 50 यात्री ओडिशा के बारगढ़ जिले के पथरसेनी कुडा में मंदिर से दर्शन करके नाव से लौट रहे थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि नाव झारसुगुड़ा के रेंगाली इलाके में सारदा घाट पहुंचने ही वाली थी कि तभी अचानक पलट गई।

उन्होंने बताया कि वहां रहने वाले मछुआरों ने 40 यात्रियों को बचाया। सूत्रों के मुताबिक छत्तीसगढ़ प्रशासन ने शवों के परिवहन की व्यवस्था की है। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने हादसे पर दुख जताया और मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपये के मुआवजे का ऐलान किया।