Breaking News

लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने कुमाऊं रेजिमेंट के कर्नल का पदभार संभाला     |   हमने ईरान के टॉप लीडर से बात की, अगर डील होती है तो ये अच्छी बात: डोनाल्ड ट्रंप     |   चीन के विदेश मंत्री ने UK PM स्टार्मर के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार से मुलाकात की     |   पुडुचेरी चुनाव 2026: ऑल इंडिया एन.आर. कांग्रेस ने 18 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की     |   दिल्ली: गृह मंत्री अमित शाह की NDA के संसदीय दल के नेताओं के साथ बैठक शुरू हुई     |  

अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम, मनोज सिन्हा ने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में दर्शन करने की अपील की

जम्मू कश्मीर के उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को कहा कि आगामी वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं। सिन्हा ने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए आने की अपील की। सिन्हा ने पवित्र गुफा में 'प्रथम पूजा' कर इस वर्ष की वार्षिक अमरनाथ यात्रा की औपचारिक शुरुआत की। 

सिन्हा ने कहा, "प्रथम पूजा संपन्न हो गई। मैं श्रद्धालुओं से अनुरोध करता हूं कि वे बड़ी संख्या में यात्रा के लिए आएं। यह यात्रा तीन जुलाई से शुरू होगी और नौ अगस्त को रक्षा बंधन के दिन समाप्त होगी।" उन्होंने कहा कि श्राइन बोर्ड और प्रशासन ने इस वर्ष तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाओं में सुधार किया है। 

सिन्हा ने कहा, "जम्मू कश्मीर पुलिस, सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल(सीआरएपीएफ) और अन्य केंद्रीय अर्धसैनिक बलों (सीएपीएफ) ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। इसलिए मुझे लगता है कि किसी को कुछ भी सोचने की जरूरत नहीं है, उन्हें आना चाहिए और बाबा का आशीर्वाद लेना चाहिए।" 

उप-राज्यपाल ने बाद में सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा, "हर हर महादेव! मैंने बाबा बर्फानी को नमन किया और पवित्र गुफा में 'प्रथम पूजा' की, जिसके साथ वार्षिक श्री अमरनाथ जी यात्रा की औपचारिक शुरुआत हुई। बाबा अमरनाथ जी हम सभी पर अपना दिव्य आशीर्वाद बनाए रखें।" 

उन्होंनें कहा कि जम्मू कश्मीर प्रशासन, श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड, सेना, सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ), जम्मू कश्मीर पुलिस और सभी हितधारक पूरी निष्ठा, समर्पण, आपसी सहयोग और स्पष्ट उद्देश्यों के साथ कार्य कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा निर्बाध, सुरक्षित और सुगम रहे। 

उन्होंने कहा, "जम्मू कश्मीर की जनता, नागरिक समाज और सभी सेवा प्रदाताओं का अमूल्य योगदान हमेशा से अत्यंत सराहनीय रहा है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि इस वर्ष सुविधाओं और सेवाओं में किए गए महत्वपूर्ण सुधारों से यह यात्रा सभी श्रद्धालुओं के लिए यादगार और आध्यात्मिक रूप से अत्यंत संतोषजनक सिद्ध होगी।" 

इससे पहले सिन्हा ने तीर्थयात्रा के बालटाल मार्ग पर यात्रा कार्यों का निरीक्षण किया। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि सिन्हा ने कश्मीर के गांदरबल जिले के बालटाल स्थित श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड के आपदा प्रबंधन एवं यात्री निवास परिसर में जारी कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। 

सिन्हा ने अधिकारियों को 38 दिवसीय यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों के लिए सुविधाएं बढ़ाने के लिए विकसित की जा रही बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई को दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के दो स्थलों बालटाल और पहलगाम से शुरू होगी।