Breaking News

अमेरिकी झटके के बावजूद ग्रीन में खुला शेयर बाजार, सेंसेक्स-निफ्टी में उछाल     |   दिल्ली में 10 अक्टूबर के प्रोटेस्ट ने बढ़ाई व्यापारियों की चिंता, कहा- नई गाइडलाइंस जारी करे सरकार     |   ओडिशा: एंबुलेंस में लगी आग, एक मरीज की मौत, दो गंभीर रूप से जख्मी     |   IIT बॉम्बे कैंपस में गैस लीकेज से भड़की आग, 2 बच्चों समेत 5 घायल     |   आज आएंगे पांच विधानसभा और एक लोकसभा उपचुनाव के नतीजे     |  

MP News: खजुराहो में खराब खाना खाने से 3 कर्मचारियों की मौत, पांच की हालत गंभीर

MP News: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले के खजुराहो स्थित एक होटल में कथित तौर पर विषाक्त भोजन खाने से तीन कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय ‘गौतम होटल’ में खाना खाने के बाद आठ कर्मचारी सोमवार रात बीमार हो गए थे जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिर ग्वालियर रेफर कर दिया गया।

जिला प्रशासन ने एक बयान में तीन कर्मचारियों की मौत की पुष्टि की है और मृतकों के परिजनों के लिए तत्काल 20-20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की है। बयान के अनुसार, मृतकों की पहचान प्रागीलाल कुशवाहा, गिरिजा रजक और रामस्वरूप कुशवाहा के रूप में की गई है। प्रशासन ने घटना सामने आने के बाद कथित विषाक्त भोजन को जांच के लिए भेज दिया है।

छतरपुर जिला अस्पताल के डॉ. रोशन द्विवेदी ने बताया कि खजुराहो से विषाक्त भोजन के सेवन से बीमार हुए आठ लोगों को सोमवार रात यहां भर्ती कराया गया था। सिविल सर्जन शरद चौरसिया ने बताया कि मरीजों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर भेजा गया।