Breaking News

मेघालय कोयला खदान हादसे पर अमित शाह ने CM से बात की     |   ट्रंप के दामाद जेयर्ड कुश्नर और विशेष दूत स्टीव विटकॉफ कतर पहुंचे     |   मुंबई का मेयर चुनाव 11 फरवरी को दोपहर 12 बजे होगा     |   UPSC सिविल सेवा प्री-एग्जाम 24 मई को, उम्मीदवारों के लिए फेस ऑथेंटिकेशन अनिवार्य     |   बस सवालों से इतनी घबराहट? मोदी सच्चाई से ऐसा डरे, झूठ की शरण ले ली: राहुल गांधी     |  

Kerala: राहुल गांधी से मुलाकात के बाद शशि थरूर ने दिए सुलह के संकेत, बोले- हम सब साथ हैं

Kerala: राहुल गांधी से मुलाकात के बाद केरल में कांग्रेस नेताओं के साथ शशि थरूर के तनावपूर्ण संबंधों में नरमी दिखाई दी और शुक्रवार को राज्य के एक प्रमुख नेता ने आगामी चुनाव में तिरुवनंतपुरम के सांसद को पार्टी नीत यूडीएफ के लिए स्टार प्रचारक के रूप में नामित किया।

थरूर ने गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात कर अपनी शिकायतों का निवारण मांगा, जिसके बाद उन्होंने कहा कि ‘‘सब ठीक है’’ और ‘‘हम सब साथ हैं’’। उनका ये बयान केरल विधानसभा चुनाव से पहले अपनी पार्टी के साथ सुलह का संकेत है।

केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी. डी. सतीशन ने पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘वे (थरूर) केरल में चुनाव के लिए यूडीएफ द्वारा शुरू किए गए प्रचार अभियान में सबसे आगे रहेंगे।’’ थरूर को एक वैश्विक हस्ती और प्रख्यात लेखक बताते हुए, सतीशन ने कहा कि उनका लोगों के साथ गहरा जुड़ाव है।

सतीशन ने कहा, ‘‘इसलिए, वे चुनाव प्रचार में सबसे आगे रहेंगे। वह केरल में कांग्रेस पार्टी का हिस्सा भी हैं और चुनाव के कारण राज्य में अधिक सक्रिय रहेंगे। अगले दो महीने तक वह यहीं रहेंगे।’’

उन्होंने कहा कि पार्टी उन्हें केरल के सभी 140 विधानसभा क्षेत्रों में भेजने की योजना बना रही है। पिछले हफ्ते, थरूर ने कथित तौर पर दरकिनार किए जाने से हुई निराशा के चलते केरल चुनाव रणनीति की एक महत्वपूर्ण बैठक में भाग नहीं लिया था।

कहा जाता है कि इसका कारण राहुल गांधी द्वारा कोच्चि में एक कार्यक्रम में उनकी अनदेखी किया जाना था। सूत्रों ने बताया कि गांधी ने मंच पर मौजूद अन्य वरिष्ठ नेताओं का नाम लिया, लेकिन चार बार के सांसद और कांग्रेस कार्य समिति के सदस्य थरूर का जिक्र नहीं किया।

पिछले साल भारत-पाकिस्तान तनाव पर अपनी टिप्पणियों को लेकर भी थरूर को पार्टी की ओर से आलोचना का सामना करना पड़ा था। हालांकि, थरूर ने हमेशा यही कहा है कि उनके विचार पार्टी के अनुरूप हैं।