Breaking News

नेपाल की बाढ़ से 22 लाख टन मलबा, 17 नगरपालिकाओं में 84 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित     |   कांगो में इबोला का कहर तेज, 3 हजार पहुंचा मौतों का आंकड़ा     |   कानपुर: पेपर लीक के आरोप के बाद एक सेंटर पर BSF की परीक्षा रद्द     |   रिटायर्ड एयर मार्शल जीतेंद्र मिश्रा बन सकते हैं राम मंदिर ट्रस्ट के नए CEO     |   अमेरिका और ईरान के बीच तनाव बढ़ा, फिर शुरू हुए जवाबी हमले     |  

कठुआ में सेना के वाहन पर आतंकी हमला, 5 जवान शहीद, 5 घायल

जम्मू कश्मीर में कठुआ जिले के माचेडी इलाके में सोमवार को सेना के एक ट्रक पर घात लगाकर किए गए आतंकवादियों के हमले में जूनियर कमीशन अधिकारी (जेसीओ) समेत पांच जवान शहीद हो गए और पांच घायल हुए हैं।

आतंकवादियों ने सेना के वाहन को एक ग्रेनेड से निशाना बनाया और उस पर गोलीबारी की। ये घटना दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुई, जब कठुआ शहर से 150 किलोमीटर दूर लोहई मल्हार में बदनोता गांव के पास माचेडी-किंडली-मल्हार मार्ग पर सेना का वाहन गश्त पर था।

कठुआ जिले में एक महीने के अंदर ये दूसरा बड़ा हमला है। सोमवार के हमले से पहले 12 और 13 जून को इसी तरह की  मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए थे और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक जवान की जान चली गई थी।

सोमवार को घात लगाकर किए गए हमले के बाद, आतंकवादी नजदीक के जंगल में भाग गए। पुलिस और अर्द्धसैनिक बल के कर्मियों के सहयोग से सेना जवाबी कार्रवाई कर रही है।

आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई और हमलावरों को मार गिराने के लिए इलाके में तुरंत अतिरिक्त सुरक्षा बल भेजे गए। 

डीजीपी आर. आर. स्वैन उधमपुर जिले के बसंतगढ़ से लगे घने वन इलाके में आतंकवाद-रोधी अभियान की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं, जहां पूर्व में कई मुठभेड़ हुई हैं।