Breaking News

राम मंदिर का पूरा धार्मिक कार्यभार अयोध्या के पांच संतों को सौंपा जाएगा     |   पटना, जयपुर और भोपाल समेत अलग-अलग शहरों में कांग्रेस के खिलाफ बीजेपी का प्रदर्शन     |   सरकार आश्वस्त करे तो मैं अनशन खत्म करूंगा: सोनम वांगचुक     |   NEET प्रोटेस्ट के बीच विजयवाड़ा में BJP और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प     |   काले कपड़ों में संसद पहुंच रहे कांग्रेस सांसद, पेपर लीक मुद्दे पर सरकार को घेरने की पूरी तैयारी     |  

शरद पवार ने PM मोदी से की मुलाकात, संसद में सुप्रिया सुले भी रहीं मौजूद

एनसीपी (एससीपी) प्रमुख शरद पवार ने बुधवार को संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान एनसीपी (एससीपी) की नेता और बारामती से सांसद सुप्रिया सुले भी मौजूद रहीं। इससे पहले मंगलवार को शरद पवार और सुप्रिया सुले जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे थे। प्रदर्शनकारी नीट-यूजी पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। एनसीपी (एससीपी) ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग का भी समर्थन किया है।

शरद पवार ने केंद्र सरकार से प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांगों पर संवेदनशीलता से विचार करने और उचित कार्रवाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश के हर नागरिक के अधिकारों और हितों की रक्षा करता है और सरकार व प्रशासन जनता के प्रति जवाबदेह हैं। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और नागरिकों को दबाने के बजाय सरकार को उनकी मांगों पर संवेदनशीलता से विचार करना चाहिए और उचित कार्रवाई करनी चाहिए।

वहीं, एनसीपी (एससीपी) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले ने पिछले सप्ताह एनडीए में शामिल होने या एनसीपी के साथ विलय की अटकलों को खारिज किया था। उन्होंने कहा था कि किसी अन्य पार्टी की ओर से उनके साथ गठबंधन या विलय का कोई प्रस्ताव नहीं आया है। सुप्रिया सुले ने कहा कि शरद पवार, वह खुद, जयंत पाटिल, अनिल देशमुख, राजेश टोपे या पार्टी के किसी भी वरिष्ठ नेता से इस संबंध में किसी पार्टी ने संपर्क नहीं किया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी, कांग्रेस या एनडीए के किसी सहयोगी दल की ओर से भी ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं मिला है।

शरद पवार के नेतृत्व वाले गुट के एनडीए के साथ जाने की अटकलों ने तब जोर पकड़ा था, जब मुंबई में एनसीपी (एससीपी) नेता जयंत पाटिल, सत्तारूढ़ एनसीपी नेताओं प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे तथा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच देर रात बैठकें हुई थीं। हालांकि, शरद पवार के नेतृत्व वाली पार्टी ने स्पष्ट किया है कि ये बैठकें प्रशासनिक मामलों को लेकर थीं, न कि किसी राजनीतिक गठजोड़ या बदलाव के लिए।