Breaking News

अंकिता भंडारी हत्याकांड: मुख्य आरोपी पुलकित के पिता और वकील के खिलाफ जीरो FIR     |   ‘धारा 301’ जांच और 25 प्रतिशत शुल्क को लेकर भारत का अमेरिका को सीधा जवाब     |   दिल्ली के यमुना खादर में मुठभेड़, आरोपी अमन गुर्जर के पैर में गोली     |   उत्तराखंड चुनाव 2027 से पहले प्रशासन में बड़ा फेरबदल, 13 IAS और 17 IPS अफसरों का किया ट्रांसफर     |   26/11 हमले के 18 साल हुए पूरे, चश्मदीद ने बताया-आज भी नहीं सो पाता ठीक से     |  

केरल में शिगेला संक्रमण से सात साल के बच्चे की मौत, इस साल मौतों का यह चौथा मामला

Kerala: स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि इस जिले के पूक्कोट्टूर के रहने वाले सात साल के एक बच्चे की सोमवार को शिगेला संक्रमण से मौत हो गई। ये इस साल केरल में इस बीमारी से हुई चौथी मौत है। उन्होंने बताया कि मृतक, अर्जाव की मौत कोझिकोड सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान हुई।

अधिकारियों ने बताया कि अर्जाव को 12 जून को बुखार और दस्त की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था और बाद में उसमें शिगेला संक्रमण की पुष्टि हुई थी। अधिकारियों के अनुसार, ये राज्य में इस साल शिगेला से जुड़ी चौथी और जून महीने में तीसरी मौत है।

स्वास्थ्य सेवा निदेशालय (डीएचएस) के आंकड़ों के मुताबिक, 14 जून तक केरल में शिगेला संक्रमण के 138 मामलों की पुष्टि हुई थी, जिनमें से सबसे ज्यादा मामले कोझिकोड जिले में दर्ज किए गए। इसके अलावा, पूरे राज्य में संक्रमण के 77 संदिग्ध मामले सामने आए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि अकेले जून महीने में संक्रमण के 62 कन्फर्म और 17 संदिग्ध मामले दर्ज किए गए। 14 जून को संक्रमण के तीन नए कन्फर्म मामले सामने आए। शिगेला एक बैक्टीरियल संक्रमण है जिससे डायरिया, बुखार और पेट में ऐंठन होती है। ये मुख्य रूप से दूषित खाने या पानी और संक्रमित लोगों के संपर्क में आने से फैलता है।