दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र के हैदरपुर स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल में निःशुल्क मेगा हेल्थ चेकअप कैंप का शुभारंभ किया। कैंप में लोगों के लिए स्वास्थ्य जांच, डॉक्टरों से परामर्श और स्वास्थ्य संबंधी जरूरी मार्गदर्शन की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाएं और विशेषज्ञ डॉक्टरों से अपनी जांच व जरूरी परामर्श लें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त दिल्ली की नींव हैं। सरकार की कोशिश है कि स्वास्थ्य सेवाएं केवल अस्पतालों तक सीमित न रहें, बल्कि लोगों के करीब पहुंचें, ताकि समय पर बीमारी की पहचान और इलाज संबंधी सलाह मिल सके।
झुग्गीवासियों को पक्के मकान का आश्वासन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के झुग्गीवासियों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि हैदरपुर में एक भी झुग्गी नहीं तोड़ी जाएगी। सरकार झुग्गीवासियों को उनके क्षेत्र के आसपास ही बेहतर और पक्के आवास उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, एयू ब्लॉक और एओ ब्लॉक की झुग्गियों के लिए आवास निर्माण से जुड़ी टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। इन इलाकों के आसपास उपयुक्त जमीन चिन्हित कर मकानों का निर्माण कराया जाएगा। दूसरे चरण में आयुर्वेदिक अस्पताल क्षेत्र की झुग्गियों को शामिल किया जाएगा और इसके लिए आसपास जमीन की तलाश की जा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को हटाना नहीं, बल्कि उनके जीवन को बेहतर बनाना है। क्षेत्र में नए शौचालय, वाटर एटीएम, अटल कैंटीन, सीवर लाइन, पानी की पाइपलाइन और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाओं पर भी काम किया जा रहा है।
हैदरपुर में 12वीं तक बनेगा नया स्कूल
मुख्यमंत्री ने बताया कि हैदरपुर में 12वीं तक के बड़े स्कूल की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। अब करीब 5,000 गज जमीन नए स्कूल के निर्माण के लिए उपलब्ध कराई गई है। स्कूल के लिए टेंडर प्रक्रिया तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि स्कूल बनने के बाद क्षेत्र के बच्चों को बेहतर और आधुनिक शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
सामुदायिक भवन और छठ घाट का निर्माण

हैदरपुर में नए सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए भी टेंडर जारी किया गया है। इसके बनने के बाद स्थानीय लोग शादी और अन्य सामाजिक कार्यक्रमों के लिए इसका इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके अलावा क्षेत्र की नहर के किनारे नया छठ घाट बनाया जा रहा है। इससे छठ पर्व के दौरान स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि क्षेत्र में नया आयुष्मान आरोग्य मंदिर भी स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के करीब ला रहा है। आने वाले समय में हैदरपुर में ‘निरोग धाम’ विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा, जहां आयुर्वेदिक और एलोपैथिक दोनों पद्धतियों से जुड़ी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास होगा। लंबे समय से लंबित अस्पताल के निर्माण कार्य को भी आगे बढ़ाने की बात कही गई।
‘किसी व्यक्ति को तकलीफ न हो, यह मेरी जिम्मेदारी’
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार के सभी विकास कार्य लोगों के जीवन को बेहतर और सुविधाजनक बनाने के लिए किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “मेरी दिल्ली में एक भी व्यक्ति को तकलीफ न आए, यह मेरी जिम्मेदारी है।” उन्होंने नागरिकों से कहा कि उन्हें किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है। सरकार गरीबों, जरूरतमंदों और आम लोगों की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए काम कर रही है और उनके सुख-दुख में साथ खड़ी है।