Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

संभल हिंसा के मृतकों को 5 लाख रुपये की मदद देगी सपा

समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल आज संभल में जान गंवाने वालों के परिजनों से मिलेगा। इस दौरान सपा की ओर से परिवार को पांच लाख रुपये की मदद दी जाएगी। सपा के प्रतिनिधिमंडल में विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय और विधान परिषद में सपा दल के नेता प्रतिपक्ष लाल बहादुर यादव के साथ पांच सांसद, तीन विधायक और जिलाध्यक्ष शामिल रहेंगे। 

यह प्रतिनिधिमंडल पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद उन्हें आर्थिक मदद के लिए पांच-पांच लाख रुपये का चेक सौंपेगा। उत्तर प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के नेता और समाजवादी पार्टी के नेता प्रसाद पांडेय ने कहा हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष ने संभल में मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए देने की घोषणा की थी। हम आज उन चेकों को सौंपने संभल जा रहे हैं।

उधर, सपा के जिलाध्यक्ष असगर अली अंसारी ने बताया कि सोमवार की दोपहर 12 बजे तक प्रतिनिधिमंडल संभल पहुंचेगा। इसमें संभल के सांसद जियाउर्रहमान, मुरादाबाद की सांसद रुचि वीरा, सांसद कैराना इकरा हसन, सांसद मुजफ्फरनगर हरेंद्र मलिक, सांसद आंवला नीरज मौर्य, विधायक संभल इकबाल महमूद, विधायक असमोली पिंकी यादव, विधायक कांठ कमाल अख्तर इस प्रतिनिधिमंडल में शामिल होंगे।

24 नवंबर को जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुए बवाल में मोहल्ला कोटगर्वी निवासी अयान, नईम, हयातनगर निवासी रोमान, सरायतरीन निवासी बिलाल और तुर्तीपुर इल्हा निवासी कैफ की मौत हो गई थी। इसमें रोमान के परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया था। अन्य चार मृतकों के परिजनों ने हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इन्हीं मृतकों के परिजनों से मिलने के लिए सपा का प्रतिनिधिमंडल पहुंचेगा।