Breaking News

TMC के 20 बागी सांसदों को सुप्रीम कोर्ट का नोटिस, अयोग्यता मामले में देरी पर मांगा जवाब     |   तरुण तेजपाल को सुप्रीम कोर्ट से झटका, 2 हफ्ते में करना होगा सरेंडर     |   प्याज और चीनी की बढ़ती कीमतों पर दिल्ली CM रेखा गुप्ता ने बुलाई बैठक     |   दिल्ली में अब तक H1N1 के कुल 2308 मामले सामने आए     |   J-K: पुलवामा में सुरक्षाबलों का ऑपरेशन, दो संदिग्ध गिरफ्तार     |  

जम्मू और श्रीनगर को जोड़ने वाली वंदे भारत का नियमित परिचालन शुरू, तेज-आरामदायक सफर से यात्री खुश

Jammu Kashmir: उद्घाटन के दो दिन बाद, जम्मू तवी-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस ने शनिवार से नियमित परिचालन शुरू कर दिया। ये जम्मू कश्मीर में रेल कनेक्टिविटी की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इससे पहले गुरुवार को जम्मू को श्रीनगर से जोड़ने वाली इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी।

शनिवार को जम्मू तवी स्टेशन पर मौजूद कुछ यात्रियों ने कहा कि उनका सफर अब ज्यादा तेज और सुविधाजनक हो गया है। उनके मुताबिक पहले पहाड़ी रास्तों से गुजरते हुए सड़क मार्ग से यात्रा करना बेहद मुश्किल भरा होता था और इसमें काफी वक्त भी लगता था।

श्रीनगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों ने बेहतर पहुंच और रास्ते के मनमोहक नजारों के अपने अनुभव को साझा किया। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह ट्रेन हफ्ते में छह दिन चलेगी और मंगलवार को इस मार्ग पर कोई ट्रेन सेवा नहीं होगी।

ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को कश्मीर की परंपराओं को दर्शाने वाली खास यूनिफॉर्म दी गई है, ताकि यात्रियों पर एक अलग छाप छोड़ी जा सके। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सेवा के पहले दिन यात्रा को लेकर लोगों में खास उत्साह दिखा और 20 कोच वाली ट्रेन में लगभग 1000 यात्रियों ने सफर किया।

जम्मू और श्रीनगर के बीच सीधी ट्रेन सेवा से यात्रा का समय कम होगा और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। ये यात्रियों को हर मौसम में उपलब्ध रहने वाला सुरक्षित और तेज परिवहन विकल्प भी देगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छह जून 2025 को कटरा और श्रीनगर के बीच पहली सीधी ट्रेन सेवा का उद्घाटन किया था। अब इस सेवा को जम्मू तवी रेलवे स्टेशन तक विस्तारित किया गया है।