Breaking News

अलास्का में 8 लोगों को ले जा रहा चार्टर प्लेन क्रैश, रेस्क्यू मिशन के बाद मिला मलबा     |   विदेश मंत्री जयशंकर आज बिहार के CM सम्राट चौधरी से करेंगे मुलाकात, दुबई में फंसे छात्रों पर होगी चर्चा     |   पूर्व भारतीय क्रिकेटर जैकब मार्टिन 22 साल पुराने केस में बरी     |   CM योगी ने लखनऊ में अपने आवास पर जापान के यामानाशी प्रांत के गवर्नर संग बैठक की     |   जंतर-मंतर बवाल पर एक्शन मोड में विपक्ष... पैलेट गन विवाद पर जांच का ब्योरा लेने DCP ऑफिस पहुंचे राहुल गांधी     |  

पैलेट गन मामले में Rahul Gandhi ने खोला मोर्चा, FIR दर्ज नहीं होने पर DCP कार्यालय के बाहर दिया धरना

कांग्रेस के लोकसभा में विपक्ष के नेता (LoP) राहुल गांधी ने कथित तौर पर पेलेट गन के इस्तेमाल को लेकर दिल्ली पुलिस से मामला दर्ज करने की मांग की है। शिकायतकर्ता लोचव ने 14 अगस्त को अपने वकीलों के साथ दिल्ली पुलिस से संपर्क कर लिखित शिकायत दी थी। हालांकि, पुलिस ने कथित तौर पर शिकायत का I/O नंबर या पावती नहीं दी। 17 अगस्त को ईमेल और फोन के जरिए भी शिकायत पर कार्रवाई की मांग की गई, लेकिन उस समय भी I/O नंबर या पावती नहीं मिली। इसके बाद शुक्रवार को राहुल गांधी शिकायतकर्ता लोचव के साथ DCP कार्यालय पहुंचे और मामले में FIR दर्ज करने की मांग की।

शिकायतकर्ता का कहना है कि कथित घटना संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आती है और इसमें FIR दर्ज की जानी चाहिए। राहुल गांधी ने पुलिस से शिकायत पर कार्रवाई करने और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की। इससे पहले राहुल गांधी ने दिल्ली के संसद मार्ग थाने में स्थित DCP कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की थी। गांधी पहले मंदिर मार्ग थाने पहुंचे थे और वहां मामला दर्ज करने का अनुरोध किया था। पुलिस द्वारा कथित तौर पर शिकायत दर्ज नहीं किए जाने के बाद वह सेंट्रल DCP से मिलने पहुंचे। इसके बाद उन्होंने संसद मार्ग थाने में पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की।

दरअसल, 29 जुलाई को राहुल गांधी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया था कि प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पेलेट गन से फायरिंग की गई। उन्होंने आरोप लगाया था कि इस कार्रवाई के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जिम्मेदार हैं। राहुल गांधी ने कहा था कि पेलेट गन से घायल एक छात्र की आंखों की रोशनी जाने की आशंका है। उन्होंने दावा किया था कि उन्होंने AIIMS की मेडिकल रिपोर्ट देखी है, जिसमें छात्र के पेलेट गन से घायल होने की बात सामने आई है। उन्होंने पुलिस पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बल प्रयोग करने और नाबालिग के साथ मारपीट का भी आरोप लगाया था। पेलेट गन के कथित इस्तेमाल और 20 जुलाई के प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस की कार्रवाई का मुद्दा संसद के मानसून सत्र में भी छाया रहा। इस मामले को लेकर राहुल गांधी लगातार कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ऐसे में यह विवाद फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है।