Breaking News

एक्टर इमरान हाशमी स्वाइन फ्लू पॉजिटिव, टेस्ट में हुई पुष्टि     |   BJP मुख्यालय में चार घंटे चली बैठक खत्म, युवाओं को लेकर बनी रणनीति     |   प्रयागराज में स्वामीनारायण मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा भरभराकर गिरा, गड्ढे में धंसा     |   नेपाल में बाढ़ से 626 मौतें, लापता लोगों की तलाश जारी     |   नेपाल बाढ़ पर खड़गे की पीएम और गृहमंत्री को चिट्ठी, भारतीयों की मदद की मांग     |  

केदारनाथ यात्रा के दूसरे चरण की तैयारियां तेज, 15 सितंबर से शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा

उत्तराखंड में केदारनाथ यात्रा के दूसरे चरण की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया है। वहीं, केदारनाथ घाटी में हेलीकॉप्टर सेवा 15 सितंबर से दोबारा शुरू होने की संभावना है।मानसून के चलते हेलीकॉप्टर सेवा को रोक दिया गया था। अब इसे दोबारा शुरू करने की तैयारी है। हेली टिकट की बुकिंग की तारीख जल्द घोषित की जाएगी। सेवा शुरू होने से पहले सितंबर के पहले सप्ताह में डीजीसीए की टीम केदारनाथ घाटी का निरीक्षण करेगी। इसके बाद सुरक्षा मानकों के आधार पर हेलीकॉप्टर संचालन शुरू किया जाएगा।

रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि यात्रियों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा की व्यवस्था की जा रही है। मानसून के दौरान इसे बंद किया गया था। डीजीसीए की टीम के निरीक्षण के बाद सेवा फिर से शुरू कर दी जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि मानसून के दौरान जहां भी नुकसान हुआ है, उसकी मरम्मत और जरूरी सुधार के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने भी सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील इलाकों में निगरानी व्यवस्था को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखने को कहा गया है।

केदारनाथ क्षेत्र हिमालयी इलाके में होने के कारण बेहद संवेदनशील माना जाता है। वर्ष 2013 की भीषण आपदा में इस क्षेत्र में भारी तबाही हुई थी। इसके बाद से प्रशासन लगातार संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर रखता है। इस साल भी मौसम से जुड़ी घटनाओं और पड़ोसी पहाड़ी क्षेत्रों में हुई आपदाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत की जा रही है।

केदारनाथ यात्रा का दूसरा चरण सितंबर में शुरू होगा। श्रद्धालु नवंबर तक बाबा केदार के दर्शन कर सकेंगे। केदारनाथ उत्तराखंड के चारधामों में शामिल है और भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है। इस साल चुनौतीपूर्ण मानसून के बावजूद चारधाम यात्रा में पिछले साल की तुलना में 5,22,634 अधिक श्रद्धालु पहुंचे हैं।

अब तक चारधाम के प्रमुख मंदिरों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या इस प्रकार है:

  • बदरीनाथ: 16,54,263

  • केदारनाथ: 14,65,370

  • गंगोत्री: 7,47,671

  • यमुनोत्री: 6,68,163

  • हेमकुंड साहिब: 2,69,430

श्रद्धालुओं में भगवान बदरी विशाल के दर्शन को लेकर भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अकेले बदरीनाथ धाम में पिछले साल के मुकाबले 3,62,304 अधिक श्रद्धालु पहुंच चुके हैं।