Breaking News

एमएलसी चुनाव: मेरठ-बरेली में बीजेपी की जीत     |   भाजपा प्रत्याशी डॉ हरि सिंह ढिल्लों की बड़ी जीत, 17676 मतों से विजयी     |   इजरायल चुनाव: एग्जिट पोल में बेंजामिन नेतन्याहू को बहुमत नहीं     |   सूडान के दारफुर में बाजार पर ड्रोन हमला, 102 लोगों की मौत, सेना पर आरोप     |   बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन की चांदनी चौक इलाके में पदयात्रा आज     |  

Bihar: पटना अदालत में बम की धमकी के कारण कामकाज ठप, पप्पू यादव की जमानत अर्जी पर सुनवाई टली

Bihar: पटना दीवानी अदालत परिसर को सोमवार को बम से उड़ाने का धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया और पुलिस ने गहन तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों ने ये जानकारी दी। एक महीने में बम की धमकी की यह दूसरी घटना है। एहतियातन अदालत का कामकाज पूरे दिन के लिए स्थगित कर दिया गया, जिसके कारण बाकी मामलों के साथ-साथ निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की जमानत अर्जी पर भी सुनवाई नहीं हो सकी।

यादव के वकील शिवनंदन भारती ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमें बताया गया है कि जिला न्यायाधीश के ईमेल पर बम की धमकी मिली है। इसके कारण सांसद की जमानत अर्जी पर अब कल से पहले सुनवाई नहीं हो सकेगी। मेरे मुवक्किल को एक और दिन जेल में बिताना होगा।’’ पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले पप्पू यादव को तीन दशक पुराने जालसाजी के एक मामले में शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था।

कांग्रेस ने उनके समर्थन में आवाज उठाई है। पार्टी नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा ने आरोप लगाया है कि बिहार की नीतीश कुमार सरकार, नीट अभ्यर्थी की मौत की जांच को लेकर यादव द्वारा की जा रही आलोचना के कारण उन्हें निशाना बना रही है। इससे पहले, आठ जनवरी को भी पटना सहित बिहार के कई अदालत परिसरों को इसी तरह की बम से उड़ाने की धमकियां मिली थीं, जो बाद में अफवाह साबित हुईं।