Breaking News

कांग्रेस 26 नवंबर को निकालेगी 'संविधान बचाओ' मार्च     |   उत्तर प्रदेश शासन ने देर रात 55 PCS अधिकारियों के तबादले किए     |   हूतियों ने रियाद में किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बनाया निशाना     |   आज से फिलीपींस की राजधानी मनीला के दौरे पर रहेंगे PM मोदी     |   काला सागर में तीन शिप पर ड्रोन अटैक में क्षतिग्रस्त: रोमानिया     |  

पहलगाम टेरर अटैक: हमले वाली जगह के पास बिना नंबर प्लेट की बाइक जब्त

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और अब सुरक्षा एजेंसियों को एक अहम सुराग हाथ लगा है। घटनास्थल के पास काले रंग की एक संदिग्ध बाइक बरामद की गई है, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। शुरुआती जांच के अनुसार, माना जा रहा है कि तीन या इससे अधिक आतंकवादी इसी बाइक पर सवार होकर हमले के स्थान तक पहुंचे थे। हालांकि, यह आशंका भी जताई जा रही है कि हमले की योजना को अंजाम देने के लिए आतंकियों ने एक से अधिक वाहनों का उपयोग किया हो सकता है।

सुरक्षा एजेंसियों को संदेह है कि यह बाइक OGW (Over Ground Worker) नेटवर्क के जरिए आतंकियों को मुहैया कराई गई हो सकती है। फिलहाल बाइक के मालिक और इसके जरिए आतंकियों की मूवमेंट की जांच की जा रही है। इसके साथ ही, CCTV फुटेज, मोबाइल टावर लोकेशन डेटा और स्थानीय चश्मदीदों के बयान जुटाए जा रहे हैं ताकि हमले की पूरी साजिश का पता लगाया जा सके।

इस आतंकवादी हमले ने केवल भारत को ही नहीं, पूरी दुनिया को हिला कर रख दिया है। अमेरिका, रूस, ईरान, इस्राइल समेत कई देशों ने इस हमले की कड़ी निंदा की है और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ एकजुटता दिखाई है। यह हमला 2019 के पुलवामा हमले के बाद कश्मीर घाटी में सबसे घातक आतंकवादी हमला बताया जा रहा है, जिसमें अब तक 26 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से दो विदेशी नागरिक और दो स्थानीय निवासी भी शामिल हैं। 

इस हमले के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) समेत विभिन्न दलों ने आज बंद और विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया, जिसके चलते पूरे जम्मू में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। कांग्रेस की जम्मू-कश्मीर इकाई, 'जम्मू चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री', जम्मू बार एसोसिएशन, विश्व हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल ने भीषण हमले में निर्दोष हत्याओं के विरोध में आज अलग-अलग पूरे दिन का जम्मू बंद का आह्वान किया है। उन्होंने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद की निंदा के लिए अलग-अलग विरोध प्रदर्शनों की भी घोषणा की है।