Breaking News

पाकिस्तानी विदेश मंत्री इशाक डार ने रविवार को मिस्र और तुर्किये के अपने समकक्षों से मुलाकात की     |   केरल में जनसभा को संबोधित कर रहे हैं पीएम मोदी, बोले- बदलाव का संदेश दे रहा है केरल     |   मिडिल-ईस्ट के हालात को लेकर नवगठित IGoM की पहली बैठक राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुई     |   यूपी के दादरी में अखिलेश यादव की रैली, बोले- बदलने से ही उत्तर प्रदेश का भाग्य सुधरेगा     |   पुष्कर कॉरिडोर के लिए योजना तैयार- CM भजनलाल     |  

PM मोदी 31 मार्च को साणंद में Kaynes Semicon प्लांट का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मार्च को गुजरात के साणंद में Kaynes Semicon की OSAT (आउटसोर्स्ड सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट) सुविधा का उद्घाटन करने वाले हैं। यह परियोजना 23 सितंबर 2024 को केंद्रीय मंत्रिमंडल द्वारा ‘इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन’ के तहत मंजूर की गई थी। करीब 3,300 करोड़ रुपये के निवेश से तैयार यह प्लांट साणंद में सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम को और मजबूत करेगा। इस सुविधा में चिप्स की टेस्टिंग और पैकेजिंग की जाएगी, जो उन्हें बाजार तक पहुंचाने से पहले का अहम चरण होता है। अनुमान के मुताबिक, यह प्लांट रोजाना लगभग 60 लाख चिप्स का उत्पादन करेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि भारत में सेमीकंडक्टर सेक्टर का विकास इस दशक को देश के टेक्नोलॉजी भविष्य के लिए एक बड़ा टर्निंग प्वाइंट बना देगा। उन्होंने यह भी बताया कि माइक्रोन प्लांट के बाद Kaynes Semicon की इस नई सुविधा से स्थानीय अर्थव्यवस्था को और गति मिलेगी। इससे पहले फरवरी में प्रधानमंत्री ने माइक्रोन सेमीकंडक्टर प्लांट का उद्घाटन किया था। उस दौरान उन्होंने कहा था कि जून 2023 में समझौता होने के बाद सितंबर में शिलान्यास और फरवरी 2026 तक उत्पादन शुरू होना भारत की तेज कार्यशैली का उदाहरण है।

साणंद, जो कभी ऑटोमोबाइल हब के रूप में जाना जाता था, अब तेजी से सेमीकंडक्टर हब में बदल रहा है। माइक्रोन और Kaynes Semicon के अलावा यहां CG Semi का प्लांट भी स्थापित किया जा रहा है। इस तरह साणंद भारत का पहला चिप पैकेजिंग क्लस्टर बनकर उभर रहा है और वैश्विक सेमीकंडक्टर वैल्यू चेन में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल फैक्ट्री लगाना नहीं, बल्कि एक पूरा सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम तैयार करना है, जिसमें डिजाइन, मैन्युफैक्चरिंग और लॉजिस्टिक्स तक सभी क्षेत्रों का विकास शामिल हो। भारत अब वैश्विक सेमीकंडक्टर उद्योग में एक महत्वपूर्ण भागीदार बनता जा रहा है। ‘सेमीकॉन इंडिया प्रोग्राम’ के तहत अब तक 10 बड़े प्रोजेक्ट्स को मंजूरी दी जा चुकी है, जिनमें से चार गुजरात में हैं। यह पहल देश में तकनीकी विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।