Breaking News

केशव प्रसाद मौर्य का अखिलेश पर निशाना, बोले- BJP के साथ है अगड़ा-पिछड़ा-दलित की ‘त्रिवेणी’     |   विदेश मंत्री एस जयशंकर 23-24 अगस्त को करेंगे रूस का दौरा     |   साउथ अमेरिका के स्कोटिया सागर क्षेत्र में 6.7 तीव्रता का भूकंप     |   'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए राहुल गांधी पुणे पहुंचे     |   पुणे में BRICS ICT बैठक संपन्न, डिजिटल सहयोग और नई तकनीकों पर चर्चा     |  

Kerala: वायनाड के स्कूल में शिगेला का एक और मामला, संख्या बढ़कर नौ हुई

Kerala: केरल के वायनाड जिले के एक स्कूल में शिगेला संक्रमण का एक और मामला सामने आया है, जिससे बीमारी के कुल मामलों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। जिला चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि शुरुआत में शिगेला संक्रमण के लक्षण वाले 514 छात्रों में से 14 के नमूने लिए गए और उन्हें जांच के लिए भेजा गया। इनमें से नौ की रिपोर्ट सकारात्मक आई है, जबकि पांच नमूनों की जांच रिपोर्ट अभी आनी बाकी है। जिला चिकित्सा अधिकारी (डीएमओ) ने कहा कि अब अतिरिक्त नमूने जांच के लिए नहीं भेजे जाएंगे, क्योंकि समान लक्षण वाले मरीजों का इलाज भी शिगेला के मामलों के रूप में किया जा रहा है।

डीएमओ के अनुसार, ऐसा इसलिए है क्योंकि वे “महामारी विज्ञान के आधार पर” पुष्टि किए गए संक्रमणों से संबद्ध हैं। अधिकारी ने बताया कि शुरुआत में लक्षण वाले 514 छात्रों के अलावा, 38 और छात्र, 27 वयस्कों में भी बैक्टीरियल संक्रमण के लक्षण पाए गए हैं जो संक्रमित लोगों के संपर्क में आए थे।

डीएमओ ने बताया कि संक्रमित माने गए लोगों में से 45 को जिले के सरकारी और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा, “सभी की हालत स्थिर है।” स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय स्वशासी संस्थाओं के नेतृत्व में क्षेत्र में रोग की रोकथाम और नियंत्रण के उपायों के साथ-साथ व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं। पीने के पानी के स्रोतों को कीटाणुरहित करने के लिए विशेष क्लोरीनीकरण अभियान भी चलाया जा रहा है।

अधिकारियों ने लोगों से स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एहतियाती दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने और व्यक्तिगत, खाद्य और पर्यावरणीय स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है। लोगों में लक्षण दिखाई दे रहे हैं, उन्हें बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर इलाज कराने की सलाह दी गई है।

जिला अधिकारी ने शिगेला प्रभावित और आसपास के क्षेत्रों में सभी स्कूलों और शैक्षणिक संस्थानों में 14 जून तक अवकाश घोषित किया है। शिगेला एक बैक्टीरियल संक्रमण है, जो दस्त, बुखार और पेट में ऐंठन का कारण बनता है। यह मुख्य रूप से दूषित भोजन या पानी के माध्यम से, या संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क से फैलता है।