UP News: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के बयानों को लेकर उन पर निशाना साधा है। राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश की भाषा में दबंगई झलकती है और समाजवादी पार्टी की सोच हमेशा से सरकारी कर्मचारियों को अपने अधीन रखने वाली रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों के प्रति सपा प्रमुख की टिप्पणियां न केवल कर्मचारियों का अपमान हैं, बल्कि सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे लाखों युवाओं का मनोबल भी प्रभावित करती हैं।
राजभर ने सोशल मीडिया पर साझा पोस्ट में अखिलेश के कथित बयानों ‘इसको उड़वा दूंगा’, ‘उसको उठवा लूंगा’ और ‘पुलिस से स्टेपनी बदलवाऊंगा’ का उल्लेख किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि व्यक्ति की भाषा उसकी संगत से पहचानी जाती है। उनके मुताबिक, अखिलेश के बड़े-बड़े दावों पर उनके समर्थक ही तालियां बजा सकते हैं।
आजम खान का जिक्र कर अखिलेश पर कसा तंज
राजभर ने अखिलेश यादव को रामपुर के आजम खान से सलाह लेने की नसीहत दी। उन्होंने कहा कि करीब दस साल पहले आजम खान की भाषा और सरकारी कर्मचारियों के प्रति उनका रवैया भी कुछ ऐसा ही था। राजभर ने आरोप लगाया कि उस समय आजम खान पुलिस से अपनी भैंस खोजने को कहते थे और सरकारी कर्मचारियों को ‘तनखइया’ कहकर संबोधित करते थे।
उन्होंने कहा कि इतने वर्षों बाद भी आजम खान की भाषा पूरी तरह नहीं बदली है, हालांकि उसमें कुछ नरमी जरूर आई है। राजभर ने अखिलेश से सवाल किया कि क्या आजम खान अब भी सरकारी कर्मचारियों को ‘तनखइया’ समझते हैं और क्या उनसे जूते साफ कराने जैसी बातें करते हैं?
‘सरकारी कर्मचारियों को गुलाम समझने की सोच छोड़ें’
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लाखों युवा कड़ी मेहनत करके सरकारी नौकरी हासिल करने का सपना देखते हैं। ऐसे में पुलिस और सरकारी कर्मचारियों के लिए धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल करना युवाओं के उत्साह को कमजोर कर सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में सरकारी व्यवस्था पर सैफई सिंडिकेट और माफिया तंत्र का प्रभाव था तथा कर्मचारियों को गुलामों की तरह देखा जाता था।
राजभर ने दावा किया कि योगी सरकार के कार्यकाल में बड़ी संख्या में युवाओं को उनकी योग्यता के आधार पर पुलिस में भर्ती होने का अवसर मिला है। ये पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था बनाए रखने और जनता की सेवा में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में माफियाराज खत्म हो चुका है और अखिलेश यादव को सरकारी कर्मचारियों को अपने अधीन रखने की मानसिकता छोड़ देनी चाहिए।