Jammu Kashmir: जम्मू कश्मीर में एक नए युग की शुरुआत का दावा करते हुए उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को कहा कि ऑपरेशन सिंदूर जारी रहने और सिंधु जल संधि के निलंबित होने के साथ देश के जल संसाधनों का उपयोग अब उसकी अपनी जरूरतों के लिए किया जाएगा।
जम्मू के मौलाना आजाद स्टेडियम में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित करते हुए, सिन्हा ने जनता को भरोसा दिया कि सरकार आतंकवाद से जुड़े हर मामले की गहन जांच करेगी और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाएगी। उप-राज्यपाल ने तिरंगा फहराया, गणतंत्र दिवस परेड टुकड़ियों का निरीक्षण किया और सलामी ली।
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला समारोह के मुख्य अतिथि थे, जिसमें नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला, जम्मू कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर और विपक्ष के नेता सुनील शर्मा सहित वरिष्ठ बीजेपी नेता भी उपस्थित थे। ढाई घंटे से अधिक चले इस कार्यक्रम में पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात सहित वरिष्ठ पुलिस, सेना, अर्धसैनिक और नागरिक अधिकारी उपस्थित थे।
इससे पहले, उप-राज्यपाल ने पुलिस शहीद स्मारक और बलिदान स्तंभ पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस, सेना और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर उन्होंने सशस्त्र बलों, पुलिस, अर्धसैनिक इकाइयों और नागरिक प्रशासन के सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने पिछले वर्ष मई में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान अपने कर्तव्य, समर्पण और वीरता से राष्ट्र का गौरव बनाए रखा, जब भारतीय सशस्त्र बलों ने 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के प्रतिशोध में पाकिस्तान में आतंकी ढांचे पर प्रहार किया था।
उप-राज्यपाल ने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सिद्धांत में एक निर्णायक क्षण के रूप में उभरा। भारत ने स्पष्ट कर दिया कि उसकी धरती पर किसी भी आतंकवादी हमले को युद्ध की कार्रवाई के रूप में माना जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर केवल एक सैन्य कार्रवाई नहीं थी; यह भारत के रणनीतिक संकल्प की घोषणा थी।"
उन्होंने कहा, “हमने दुश्मन के गढ़ पर प्रहार किया, उनके आतंकी ढांचे को ध्वस्त कर दिया, परमाणु धमकियों की खोखली सच्चाई उजागर कर दी और राष्ट्रीय संप्रभुता की रक्षा के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया। भारत ने दुनिया को यह संदेश दिया कि आतंकवाद के हर कृत्य और उसे समर्थन देने के हर प्रयास का निर्णायक जवाब दिया जाएगा।”
उन्होंने कहा कि भारत ने एक नई और दृढ़ रेखा खींच दी है। ऑपरेशन सिंदूर की सफलता ने नागरिकों में यह विश्वास फिर से जगा दिया है कि भारत के बहादुर सैनिक सतर्क हैं और उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।
सिन्हा ने आगे कहा, “साथ ही, इसने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को यह स्पष्ट संदेश दिया है कि भारत की कार्रवाई तर्कसंगत, संयमित और आत्मरक्षा के वैध अधिकार पर आधारित है। चाहे आतंकवादी नेटवर्क सीमा पार से काम करें या सीमा के भीतर से, उन्हें पूरी तरह से निष्क्रिय कर दिया जाएगा। ऑपरेशन सिंदूर जारी है और हर शत्रुतापूर्ण गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।”
उन्होंने कहा कि अहिंसक उपायों के तहत, भारत ने सिंधु जल संधि को खत्म कर दिया है, जिससे ये कड़ा संदेश दिया गया है कि रक्तपात और सहयोग एक साथ नहीं चल सकते। सिन्हा ने पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले सभी नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और ऑपरेशन महादेव के माध्यम से हमले में शामिल तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों को मार गिराने वाले सुरक्षाकर्मियों की सराहना की, जिन्होंने देश की “माताओं और बहनों” का सम्मान कायम रखा।
उन्होंने पिछले नवंबर में देशव्यापी आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश करने और समय रहते कई हमलों को रोकने के लिए पुलिस की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “जम्मू कश्मीर में शांति और प्रगति लाने के लिए अपना खून बहाने वालों का कर्ज कभी चुकाया नहीं जा सकता।” सिन्हा ने कहा कि जम्मू कश्मीर में एक नए सवेरे की शुरुआत हो गई है।
सिन्हा ने कहा, “रोजगार आतंकवाद से जुड़े लोगों को नहीं बल्कि आतंकवाद के कारण पीड़ित परिवारों को दिया जा रहा है। दशकों से दबा हुआ दर्द और आंसू आखिरकार मिट रहे हैं। मैं जम्मू कश्मीर के लोगों को आश्वस्त करता हूं कि हम आतंकवाद से जुड़े हर मामले की गहन जांच करेंगे, नए सिरे से जांच करेंगे और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देंगे।”
उन्होंने पिछले वर्ष की प्राकृतिक आपदा में जान गंवाने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि सरकारी सहायता के साथ-साथ कॉर्पोरेट संस्थाओं और स्वयंसेवी संगठनों ने भी प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत पहुंचाने में सहयोग दिया। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार उनके पूर्ण पुनर्वास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।"