Breaking News

अमित शाह 30 अक्टूबर 2026 को लखनऊ के दौरे पर रहेंगे     |   प्रयागराज जिले में कक्षा 6 से 12 तक के स्कूल 30 अक्टूबर को रहेंगे बंद     |   कर्नाटक कैबिनेट ने नंदिनी दूध की कीमतों में 8 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की     |   दिल्ली: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने आवास पर करवा चौथ मनाया     |   पाकिस्तान में एंबुलेंस के अंदर ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, महिला समेत 10 लोगों की मौत     |  

राममोहन नायडू ने सीएम फडणवीस को लिखा पत्र, बारामती विमान हादसे की जांच के लिए मांगा सहयोग

Maharashtra: केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने महाराष्ट्र के बारामती हवाई अड्डे पर हुए विमान हादसे की त्वरित जांच के लिए बृहस्पतिवार को राज्य सरकार से सहयोग मांगा। इस हादसे में उप-मुख्यमंत्री अजित पवार और चार अन्य लोगों की मौत हो गई थी।

नायडू ने विमान हादसे के एक दिन बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लिखे पत्र में दुर्घटना स्थल तक पहुंच के लिए सरकार से सहयोग मांगा। साथ ही स्थानीय प्रशासनिक सहायता और जमीनी एजेंसियों के साथ समन्वय सहित अन्य उपायों को लेकर अनुरोध किया।

उन्होंने पत्र में कहा कि जांच के निष्कर्ष से राज्य सरकार को अवगत कराया जाएगा। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अधीन कार्यरत विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (एएआईबी) ने विमान दुर्घटना की औपचारिक जांच शुरू कर दी है। 

एक निजी विमान में सवार अजित पवार (66) और चार अन्य लोगों की बुधवार सुबह उनके गृहनगर बारामती में हवाई पट्टी के नजदीक हुए हादसे में मौत हो गई थी। फडणवीस ने केंद्रीय मंत्री से दुर्घटना के सटीक कारण का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच का आदेश देने का आग्रह किया था और भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाने की अपील की थी।

नायडू ने कहा कि उनके मंत्रालय ने मुख्यमंत्री के इस अनुरोध पर संज्ञान लिया है कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए उपाय लागू किए जाएं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर, एएआईबी, डीजीसीए (नागरिक उड्डयन महानिदेशालय) और अन्य हितधारकों के समन्वय से आवश्यक नियामक या परिचालन उपाय लागू किए जाएंगे।