प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को नई दिल्ली के राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल बैठक की अध्यक्षता करेंगे।इस साल बैठक की थीम "विकसित भारत @2047 के लिए समावेशी मानव विकास" रखी गई है। इसका उद्देश्य देश के हर नागरिक के विकास और कल्याण को सुनिश्चित करना है, चाहे वह किसी भी उम्र, क्षेत्र, लिंग या सामाजिक-आर्थिक पृष्ठभूमि से जुड़ा हो। बैठक में सभी राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल और प्रशासक शामिल होंगे। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री, नीति आयोग के उपाध्यक्ष, सदस्य और CEO भी मौजूद रहेंगे।
बैठक में समावेशी मानव विकास के चार प्रमुख स्तंभों पर चर्चा की जाएगी—
- बुनियादी शिक्षा और भविष्य के लिए जरूरी कौशल
- रोजगार, उद्यमिता और संतुलित क्षेत्रीय विकास
- स्वास्थ्य, पोषण और बेहतर जीवन स्तर
- सभी के लिए समान अवसर और सम्मान
इसके साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने, कौशल विकास (स्किलिंग) को मजबूत करने और उद्यमिता को बढ़ावा देने पर भी विचार-विमर्श होगा। बैठक में राज्यों और केंद्र सरकार के बीच बेहतर तालमेल के जरिए विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने की रणनीति तैयार की जाएगी। इसमें डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर (DPI), बेहतर प्रशासन, डेटा आधारित व्यवस्था और साझेदारी जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।
नीति आयोग की बैठक में दिसंबर 2025 में हुई मुख्य सचिवों के 5वें राष्ट्रीय सम्मेलन की सिफारिशों पर भी विचार किया जाएगा। इनमें—
- प्रारंभिक बाल शिक्षा
- स्कूली शिक्षा
- कौशल विकास
- उच्च शिक्षा
- खेल और पाठ्येतर गतिविधियां
जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। बैठक का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्यों के सहयोग से समावेशी, संतुलित और टिकाऊ विकास की दिशा में ठोस कदम तय करना है।