मिजोरम में नौ जिलों के दो नगर निकायों में 110 स्थानीय परिषदों (एलसी) और 534 ग्राम परिषदों (वीसी) के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुधवार को मतदान हुआ। मिजोरम के मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने भी अपने गृह क्षेत्र में वोट डाला।
राज्य निर्वाचन आयुक्त एच. लालथलांगलियाना ने बताया कि 544 ग्राम परिषदों और 111 स्थानीय परिषदों में से, दक्षिणी मिजोरम के लुंगलेई जिले में तीन सदस्यीय लालनुटुई वीसी और आइजोल नगर निगम (एएमसी) में सात सदस्यीय लाविपु एलसी के लिए मतदान उम्मीदवारों की मृत्यु के कारण गुरुवार और शुक्रवार को तय किया गया है।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा, सात जिलों के नौ वीसी में चुनाव नहीं हो रहे हैं क्योंकि सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए हैं तथा उनमें से अधिकतर सत्तारूढ़ जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) के हैं।