Breaking News

एक्टर इमरान हाशमी स्वाइन फ्लू पॉजिटिव, टेस्ट में हुई पुष्टि     |   BJP मुख्यालय में चार घंटे चली बैठक खत्म, युवाओं को लेकर बनी रणनीति     |   प्रयागराज में स्वामीनारायण मंदिर का तीन मंजिला हिस्सा भरभराकर गिरा, गड्ढे में धंसा     |   नेपाल में बाढ़ से 626 मौतें, लापता लोगों की तलाश जारी     |   नेपाल बाढ़ पर खड़गे की पीएम और गृहमंत्री को चिट्ठी, भारतीयों की मदद की मांग     |  

मुंबई में दूध हुआ महंगा, 1 सितंबर से 9 रुपये प्रति लीटर बढ़ेंगे थोक दाम

त्योहारों के मौसम से पहले मुंबई के लोगों के घरेलू बजट पर महंगाई का असर बढ़ने वाला है। बॉम्बे मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (BMPA) ने दूध के थोक दाम में 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। नई कीमत 1 सितंबर 2026 से लागू होगी। इस बढ़ोतरी के बाद मुंबई और आसपास के महानगरीय इलाकों में दूध का थोक भाव 93 रुपये से बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो जाएगा। एसोसिएशन के मुताबिक, यह नई दर 28 फरवरी 2027 तक यानी छह महीने लागू रहेगी।

दूध के दाम बढ़ाने के पीछे डेयरी किसानों और पशुपालकों ने बढ़ती लागत को वजह बताया है। पिछले एक साल में हरा चारा, चुनी और खली जैसी पशुओं के खाने की चीजों के दाम बढ़े हैं। इसके अलावा दूध की ढुलाई, पशुओं की देखभाल और दूसरे खर्च भी बढ़ गए हैं। थोक कीमत बढ़ने का सीधा असर आम मुंबईकरों पर पड़ने की संभावना है। स्थानीय दूध विक्रेता, डेयरी और घर-घर दूध पहुंचाने वाले विक्रेता इस बढ़ोतरी का बोझ ग्राहकों पर डाल सकते हैं। ऐसे में अगले सप्ताह से लोगों को दूध के लिए 9 रुपये या उससे भी ज्यादा प्रति लीटर खर्च करना पड़ सकता है।

दूध महंगा होने का असर सिर्फ चाय और नाश्ते तक सीमित नहीं रहेगा। दही, पनीर और मिठाइयों के दाम भी बढ़ सकते हैं। वहीं, बेकरी, मिठाई की दुकानों और खाने-पीने की दूसरी दुकानों पर भी दूध की बढ़ी कीमत का असर देखने को मिल सकता है। त्योहारों के सीजन में दूध और उससे बने सामान की मांग बढ़ने के कारण इसका असर लोगों के रोजमर्रा के खर्च पर और ज्यादा पड़ सकता है।