Breaking News

योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया: अमित शाह     |   यूपी, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 2-3 नवंबर को भारी बारिश का अनुमान: IMD     |   पीएम मोदी पीएम-किसान योजना के तहत 18,680 करोड़ रुपये करेंगे जारी     |   उत्तराखंड के कई जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट जारी     |   दिल्ली-NCR के कुछ हिस्सों में बारिश     |  

जम्मू कश्मीर बाढ़ प्रभावितों को बड़ी राहत, केंद्र ने पीएम-किसान योजना के तहत जारी की 21वीं किस्त

Delhi: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित जम्मू कश्मीर के 8.55 लाख किसानों को पीएम-किसान योजना के तहत 171 करोड़ रुपये की 21वीं किस्त जारी की। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना के तहत, केंद्र सरकार किसानों को तीन समान किस्तों में प्रति वर्ष 6000 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करती है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, शिवराज सिंह चौहान ने जम्मू कश्मीर के बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित किसानों के लिए पीएम किसान योजना की 21वीं किस्त अग्रिम रूप से जारी कर दी। यह किस्त नई दिल्ली स्थित कृषि भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जारी की गई।

बयान में कहा गया है, "इस किस्त के तहत 85,418 महिला किसानों सहित 8.55 लाख किसानों के बैंक खातों में 171 करोड़ रुपये सीधे हस्तांतरित किए गए हैं।" इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर के किसानों को अब तक पीएम-किसान योजना के तहत कुल 4,052 करोड़ रुपये की सहायता प्राप्त हो चुकी है।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार जम्मू कश्मीर में बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों और लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।