Breaking News

छत्तीसगढ़ के सूरजपूर में तेजी बारिश में बहा पुल, 10 करोड़ की लागत से हुआ था निर्माण     |   वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्री की पिस्टल से चली गोली, 2 घायल     |   तमिलनाडु के थूथुकुडी-पालयमकोट्टई रोड पर स्थित एक प्राइवेट टू-व्हीलर शोरूम में लगी आग     |   हाथरस: सिकंदराराऊ इलाके में GT रोड पर हादसा, नोएडा की ओर आ रही कार अनियंत्रित होकर पलटी     |   मंगलुरु: BJP नेता ने सोनिया गांधी के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत, वंदे मातरम् के आपमान का लगाया आरोप     |  

मध्य प्रदेश पुलिस की पहली जिला ड्रोन इकाई शुरू, सीएम बोले- पुलिस की तीसरी आंख बनेंगे ड्रोन

Madhya Pradesh: मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को इंदौर में राज्य की पहली जिला ड्रोन इकाई की औपचारिक शुरुआत की। उन्होंने कहा कि इस इकाई में शामिल अत्याधुनिक ड्रोन कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ प्रबंधन में पुलिस की ‘तीसरी आंख’ के तौर पर काम करेंगे।

मोहन यादव ने इस मौके पर आयोजित समारोह में कहा,‘‘मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि इंदौर पुलिस की जिला ड्रोन इकाई के जरिए राज्य में नया प्रयोग शुरू किया गया है।’’ उन्होंने कहा कि इस इकाई में 18 अत्याधुनिक ड्रोन शामिल किए गए हैं और इसमें प्रशिक्षित पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये ड्रोन कानून-व्यवस्था बनाए रखने और भीड़ प्रबंधन में पुलिस की ‘तीसरी आंख’ के तौर पर बड़ी भूमिका अदा करेंगे।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और नियमित गश्त में भी पुलिस को इन ड्रोन से मदद मिलेगी। यादव ने अलग-अलग क्षेत्रों में ड्रोन तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल का हवाला देते हुए कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों के 'ऑपरेशन सिंदूर' के दौरान भी ड्रोन का इस्तेमाल किया गया था।

मुख्यमंत्री ने इंदौर में तीन नये पुलिस थानों की स्थापना और शहर में आवश्यकता के अनुसार पुलिस कर्मियों की तैनाती बढ़ाने की घोषणा भी की। उन्होंने इसके साथ ही शहर में यातायात प्रबंधन के लिए विकसित ‘ट्रैफिक साथी’ मोबाइल ऐप औपचारिक तौर पर पेश किया।

शहर के पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस के ड्रोन को कृत्रिम मेधा (एआई) से जोड़ा जाएगा और इसकी मदद से चिन्हित अपराधियों की भीड़ में पहचान की जाएगी। उन्होंने कहा कि बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदाओं और अग्नि दुर्घटनाओं से निपटने के लिए भी ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।