Breaking News

तमिलनाडु चुनाव: कमल हासन DMK दफ्तर पहुंचकर सीट शेयरिंग समझौते पर कर सकते हैं हस्ताक्षर     |   मिडिल ईस्ट की स्थिति पर राष्ट्रपति ट्रंप से सार्थक बातचीत हुई: PM मोदी     |   अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने PM मोदी से फोन पर की बात, मिडिल ईस्ट के मौजूदा हालात पर हुई चर्चा     |   2025 में पाकिस्तान सबसे प्रदूषित देशों की लिस्ट में अव्वल     |   एम्स में भर्ती हरीश राणा का निधन     |  

अपने शो में मुंबई को 'बॉम्बे' या 'बंबई' कहना बंद करें, MNS ने कपिल शर्मा को दी चेतावनी

Mumbai: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (एमएनएस) ने गुरुवार को हास्य-अभिनेता कपिल शर्मा को अपने शो में मुंबई को 'बॉम्बे' या 'बंबई' कहकर उसका 'अपमान' करने को लेकर चेताया। इसके साथ ही ये भी कहा कि अगर ये बंद नहीं किया तो वो इसके खिलाफ कड़ा आंदोलन शुरू करेंगे। एमएनएस नेता अमेय खोपकर ने पत्रकारों से बात करते हुए कपिल शर्मा को ये चेतावनी दी।

खोपकर पार्टी की फिल्म शाखा के प्रमुख हैं। ये चेतावनी शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे द्वारा स्थानीय निकाय चुनावों से पहले दोनों दलों के बीच गठबंधन की चर्चा के बीच मुंबई में अपने चचेरे भाई और एमएनएस अध्यक्ष राज ठाकरे के घर जाने के एक दिन बाद आई है।

खोपकर ने कहा, "इस शहर का नाम मुंबई है। कपिल शर्मा के शो में, हम लंबे समय से देखते आ रहे हैं और इस नए सीजन के शुरू होने से पहले भी... शहर को हमेशा बॉम्बे या बम्बई कहा जाता है। हम इसका विरोध करते हैं। यह कोई आपत्ति नहीं, बल्कि गुस्सा है। इस शहर का नाम मुंबई है। अगर आप दूसरे शहरों को चेन्नई, बेंगलुरू और कोलकाता जैसे उनके सही नामों से बुला सकते हैं, तो हमारे शहर का अपमान क्यों कर रहे हैं?"

उन्होंने कहा, "आप (शर्मा) इतने सालों से मुंबई में काम कर रहे हैं, मुंबई आपकी कर्मभूमि है। मुंबई के लोग आपको पसंद करते हैं और आपका शो देखते हैं।मुंबई हमारे दिलों में है, इस शहर का अपमान मत करो, मुंबई के लोगों का अपमान मत करो। मैं कपिल शर्मा को चेतावनी दे रहा हूं।"

खोपकर ने कहा, "मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि अगर ये गलती से हुआ है, तो गलती सुधार लें। आपके शो में जो भी आए, चाहे वे सेलिब्रिटी हों या एंकर, उन्हें पहले बताएं कि वे मुंबई को बॉम्बे या बंबई न कहें। उन्हें मुंबई कहना होगा। अगर ऐसा नहीं हुआ, तो एमएनएस एक आंदोलन शुरू करेगी।" कपिल शर्मा 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' होस्ट करते हैं, जो नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होता है। शो के तीसरे सीजन का 21 जून को प्रीमियर हुआ था।

एमएनएस नेता अमेय खोपकर से पूछा गया कि क्या उनकी पार्टी आगामी स्थानीय निकाय चुनावों के मद्देनजर इस मुद्दे को उठा रही है? इस पर उन्होंने कहा, "हम पिछले कई सालों से इस मुद्दे पर आंदोलन कर रहे हैं। चुनावों को एक तरफ रखिए, इस शहर का नाम मुंबई है। आपको मुंबई कहना ही होगा। और जो इसे मुंबई नहीं कहेंगे, उन्हें हमारे गुस्से का सामना करना पड़ेगा।"