Breaking News

कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में मतगणना केंद्र के बाहर BJP और TMC एजेंटों में बहस     |   यूएई के फुजैराह के पास टैंकर पर हमला, सभी क्रू सुरक्षित     |   अमेरिका का बड़ा मिशन, हॉर्मुज में व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा के लिए ऑपरेशन किया लॉन्च     |   बिहार में फिर गिरा पुल: भागलपुर में विक्रमशिला पुल का एक स्लैब गंगा में समाया     |   ईरान की चेतावनी के बाद फारस की खाड़ी से जहाज हटने लगे, UAE के पास एंकरिज खाली; तनाव बढ़ा     |  

केरलम रिजल्ट 2026: कड़ी सुरक्षा के बीच 140 सीटों की मतगणना आज

केरलम विधानसभा चुनाव 2026 की मतगणना शुरू होने से पहले तिरुवनंतपुरम के मार इवानियोस कॉलेज परिसर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। काउंटिंग सेंटर से सामने आए दृश्यों में चुनाव आयोग के अधिकारी और विभिन्न दलों के कार्यकर्ता सुबह से ही पहुंचते दिखाई दिए। सभी विधानसभा क्षेत्रों के वोटों की गिनती के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। राज्य की सभी 140 सीटों के लिए मतगणना सुबह 8 बजे पोस्टल बैलेट से शुरू होगी, जिसके बाद 8:30 बजे से ईवीएम के वोटों की गिनती की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, हर राउंड के नतीजे ECINET प्लेटफॉर्म और चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर रियल टाइम में उपलब्ध होंगे।

9 अप्रैल को हुए एक चरण के मतदान में केरल में 78.27 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था। तिरुवनंतपुरम जिले में डाले गए पोस्टल वोटों के आंकड़े भी सामने आए हैं, जो मतदाताओं की अच्छी भागीदारी को दर्शाते हैं। मतगणना से पहले कझाकोोट्टम सीट से भाजपा उम्मीदवार वी मुरलीधरन ने जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि पार्टी ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास और प्रदर्शन की राजनीति को प्रमुखता दी है और उन्हें एनडीए-भाजपा के पक्ष में जनादेश मिलने की उम्मीद है।

वहीं कांग्रेस सांसद जेबी मैथर ने यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि केरल की जनता बदलाव चाहती है और मुख्यमंत्री कांग्रेस से होगा, जिसका फैसला पार्टी नेतृत्व और विधायक करेंगे। एग्जिट पोल में भी कांग्रेस नीत UDF को बढ़त मिलती दिख रही है, जहां उसे 72 से 90 सीटें मिलने का अनुमान है। वहीं सत्तारूढ़ लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) को 49 से 62 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है, जबकि भाजपा नीत एनडीए को सीमित सीटें मिलने का अनुमान है। गौरतलब है कि LDF ने 2021 में लगातार दूसरी बार जीत हासिल कर इतिहास रचा था।केरल की मतगणना पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, असम और पुडुचेरी के साथ हो रहे बड़े चुनावी प्रक्रिया का हिस्सा है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि क्या केरल में सत्ता परिवर्तन होगा या LDF लगातार तीसरी बार जीतकर नया इतिहास रचेगा।