Breaking News

वेस्ट एशिया पर मीटिंग के लिए PM आवास पहुंचे गृह मंत्री, रक्षा मंत्री, विदेश मंत्री और वित्त मंत्री     |   लखनऊ: अखिलेश यादव से मिले बसपा के पूर्व नेता डॉ एमएच खान, सपा में हुए शामिल     |   कतर में हेलिकॉप्टर हुआ क्रैश, छह लोगों की गई जान     |   होर्मुज आइलैंड के पास F-15 फाइटर जेट को मार गिराने का ईरान का दावा     |   CM योगी ने जेवर एयरपोर्ट का किया निरीक्षण, 28 मार्च को उद्घाटन करेंगे PM मोदी     |  

केसी त्यागी ने जेडीयू छोड़ थामा आरएलडी का दामन, बोले— नीतीश से रिश्ते पहले जैसे ही...

एक अहम राजनीतिक घटनाक्रम में जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व नेता केसी त्यागी ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी में राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) का दामन थाम लिया। इस दौरान आरएलडी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी भी मौजूद रहे। जेडीयू के संस्थापक सदस्यों में शामिल वरिष्ठ समाजवादी नेता केसी त्यागी ने 17 मार्च को पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। इससे पहले उन्होंने स्पष्ट किया था कि हालिया सदस्यता अभियान में उन्होंने हिस्सा नहीं लिया, लेकिन उनका बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ कोई व्यक्तिगत मतभेद नहीं है।

त्यागी ने कहा, “मैं जेडीयू का संस्थापक सदस्य रहा हूं। जॉर्ज फर्नांडिस, शरद यादव, नीतीश कुमार और दिग्विजय सिंह के साथ मिलकर पार्टी बनाई थी। तब से मैं लगातार सदस्य रहा हूं, लेकिन इस बार सदस्यता अभियान में हिस्सा नहीं लिया।” उन्होंने राज्यसभा टिकट को लेकर चल रही अटकलों को भी खारिज किया। त्यागी ने कहा, “ऐसा एक भी उदाहरण नहीं है जब मैंने राज्यसभा टिकट के लिए प्रयास किया हो। 2013 में भी नीतीश कुमार ने खुद मुझे टिकट की पेशकश की थी।”

त्यागी ने यह भी कहा कि नीतीश कुमार के साथ उनका 50 साल पुराना संबंध है और इसमें कोई बदलाव नहीं आया है। उन्होंने बताया कि जयप्रकाश नारायण आंदोलन से लेकर जनता पार्टी, लोक दल और कर्पूरी ठाकुर के नेतृत्व में उन्होंने साथ राजनीति की है। इससे पहले त्यागी ने कांग्रेस पार्टी पर भी तीखा हमला बोलते हुए कहा था कि गलत नीतियों और कमजोर नेतृत्व के कारण कांग्रेस लगातार कमजोर हो रही है। गौरतलब है कि केसी त्यागी सितंबर 2024 में जेडीयू के राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता पद से भी इस्तीफा दे चुके हैं।