Breaking News

संभल हिंसा के मुख्य आरोपी मोहम्मद वारिस पर योगी सरकार ने रासुका के तहत लिया एक्शन     |   पेपर लीक की फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी सुनवाई, पीएम मोदी का बड़ा ऐलान     |   ईरान पर अमेरिका ने हमले तेज करने के लिए B-1 बॉम्बर तैनात किया     |   पाकिस्तानी आवाम को बड़ा झटका, पेट्रोल और डीजल फिर हुआ महंगा     |   ईरान: शालमचेह बॉर्डर क्रॉसिंग पर अमेरिकी हवाई हमले में दो की मौत     |  

बिहार में पाकिस्तान से तीन आतंकवादियों के घुसने की सूचना, पुलिस ने जारी किया अलर्ट

Bihar: बिहार में हाई अलर्ट जारी किया गया है। एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि पाकिस्तान से तीन आतंकवादियों के नेपाल के रास्ते बिहार में घुसने की सूचना मिलने के बाद पूरे बिहार में हाई-सिक्योरिटी अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी जिला पुलिस को अलर्ट जारी किया है और प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े इन आतंकवादियों के नाम और तस्वीरें भी जारी की हैं। आशंका है कि ये सभी नेपाल के रास्ते अररिया होते हुए बिहार पहुंचे हैं।

मोतिहारी के एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा, "आज, एजेंसियों द्वारा एक सूचना जारी की गई और उसके आधार पर हम हाई अलर्ट पर हैं। सीमावर्ती इलाकों में लगातार जांच की जा रही है और ज़िले के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है। तीनों संदिग्धों की जानकारी देने पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया है। जनता से भी अपील की गई है कि अगर उन्हें कोई भी संदिग्ध दिखाई दे तो तुरंत स्थानीय पुलिस स्टेशन को सूचित करें। हम पूरी तरह सतर्क हैं और स्थिति पर लगातार नज़र रख रहे हैं।"

हालांकि, सूत्रों ने बताया कि ख़ुफ़िया जानकारी से पता चलता है कि तीनों आतंकवादी बिहार में घुस आए हैं। पाकिस्तानी आतंकवादियों हसनैन, आदिल और उस्मान की तस्वीरें भी जारी कर सभी ज़िला पुलिस को भेज दी गई हैं।

सूत्रों के अनुसार, हसनैन रावलपिंडी का रहने वाला है, आदिल उमरकोट का और उस्मान पाकिस्तान के बहावलपुर का रहने वाला है। राज्य की नेपाल के साथ एक लंबी सीमा है। एहतियात के तौर पर राजगीर, बोधगया, पटना और कई अन्य महत्वपूर्ण संस्थानों और पर्यटन स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

महाबोधि मंदिर परिसर (बोधगया), विश्व शांति स्तूप (राजगीर), महावीर मंदिर और तख्त श्री हरिमंदिर जी, पटना साहिब (पटना) जैसे उन सभी स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है जहां पर्यटकों की आवाजाही ज्यादा होती है। इसके अलावा, राज्य के सभी हवाई अड्डों पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।