वन मंत्री राजा जूली एंटोनी ने वंतारा के साथ वन्यजीव स्वास्थ्य और प्राकृतिक आवास (In-situ) संरक्षण की नई पहलों की घोषणा की। इसकी शुरुआत क्षमता निर्माण प्रशिक्षण, ‘हॉस्पिटल्स ऑन व्हील्स’ और वे कंबास हाथी अस्पताल के उन्नयन से होगी।
इंडोनेशिया के वन मंत्री राजा जूली एंटोनी ने जकार्ता में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में देश में वन्यजीव स्वास्थ्य और प्राकृतिक आवास संरक्षण के प्रयासों के बड़े विस्तार की घोषणा की। इस कार्यक्रम को अनंत अंबानी द्वारा स्थापित दुनिया की सबसे बड़ी वन्यजीव संरक्षण पहलों में से एक वंतारा, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक, और इंडोनेशिया के प्रतिष्ठित वन्यजीव संगठन PT Fauna Land Group के सहयोग से समर्थन दिया जा रहा है।

राजा जूली एंटोनी ने कहा, “वन्यजीवों का संरक्षण अंततः हमारी जिम्मेदारी है और हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि इंडोनेशिया के पास अपने वन्यजीवों की देखभाल के लिए आवश्यक सुविधाएं, विशेषज्ञता और संसाधन उपलब्ध हों। इस साझेदारी के माध्यम से हम अपने वन्यजीव स्वास्थ्य और संरक्षण ढांचे को मजबूत कर रहे हैं। इसमें वंतारा अपने अनुभव, विशेषज्ञता और संसाधनों के माध्यम से हमारा सहयोग कर रहा है। इस सहयोग के तहत सभी सुविधाओं और कार्यक्रमों का स्वामित्व, संचालन और प्रबंधन इंडोनेशिया सरकार तथा संबंधित प्राधिकरणों के पास रहेगा, ताकि वे आने वाली पीढ़ियों तक इंडोनेशिया की संरक्षण प्राथमिकताओं और वन्यजीवों की सेवा कर सकें।”
वंतारा के सीईओ विवान करानी ने कहा, “हम इंडोनेशिया सरकार और अपने सहयोगियों के आभारी हैं कि उन्होंने इंडोनेशिया के वन्यजीव संरक्षण प्रयासों में योगदान देने का भरोसा और अवसर हमें दिया। इंडोनेशिया दुनिया की सबसे असाधारण जैव विविधता वाले देशों में से एक है और आने वाली पीढ़ियों के लिए इस प्राकृतिक विरासत की रक्षा में सहयोग करना हमारे लिए सम्मान की बात है। वंतारा ने वन्यजीव स्वास्थ्य, पशु चिकित्सा देखभाल, पशुपालन और संरक्षण के क्षेत्र में गहरी विशेषज्ञता विकसित की है और हमें खुशी है कि हम अपने अनुभव को इंडोनेशिया के साथ साझा कर रहे हैं। साथ ही, हम देश के व्यापक संरक्षण अनुभव से सीखने के लिए भी उत्सुक हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हम चाहते हैं कि यह साझेदारी वन्यजीवों के लिए व्यावहारिक और दीर्घकालिक परिणाम लेकर आए।”

फौनालैंड के सीईओ डैनी गुनालेन ने कहा, “इंडोनेशिया असाधारण वन्यजीवों और जैव विविधता से समृद्ध है और इस प्राकृतिक विरासत की रक्षा करना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। हमें खुशी है कि हम इंडोनेशिया सरकार और वंतारा के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और वन्यजीव स्वास्थ्य एवं देखभाल को मजबूत करने के लिए अपनी-अपनी विशेषज्ञता और अनुभव को एक साथ ला रहे हैं। हमें उम्मीद है कि यह साझेदारी स्थानीय क्षमता का निर्माण करेगी, वन्यजीवों के लिए उपलब्ध बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी और सबसे महत्वपूर्ण रूप से, जानवरों तथा उनकी सुरक्षा के लिए समर्पित लोगों के जीवन में वास्तविक और दीर्घकालिक बदलाव लाएगी।” यह कार्यक्रम इंडोनेशिया के वन्यजीव स्वास्थ्य ढांचे और जमीनी स्तर की क्षमताओं को मजबूत करेगा। इसके तहत वंतारा इंडोनेशियाई प्राधिकरणों के नेतृत्व में संचालित कार्यक्रमों के लिए विशेषज्ञ पशु चिकित्सा सेवाएं, तकनीकी सहयोग, बुनियादी ढांचे से संबंधित सहायता और क्षमता निर्माण उपलब्ध कराएगा।

प्रमुख पहलों में इंडोनेशिया में हाथियों की देखभाल करने वाले कर्मचारियों, पशु चिकित्सकों और वन्यजीव प्रबंधन से जुड़े अन्य अधिकारियों के लिए क्षमता निर्माण प्रशिक्षण शामिल हैं। इसके अलावा, देशभर में प्राकृतिक आवास (In-situ) में वन्यजीवों की जरूरतों को पूरा करने के लिए 10 ‘हॉस्पिटल्स ऑन व्हील्स’ स्थापित किए जाएंगे। वहीं, वे कंबास एलीफेंट हॉस्पिटल को उन्नत उपकरणों, टूल्स और तकनीक से लैस कर एलीफेंट ट्रीटमेंट एंड केयर सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्नत अस्पताल मानव देखभाल में रह रहे 62 सुमात्राई हाथियों के साथ-साथ आसपास के प्राकृतिक क्षेत्र में मौजूद करीब 100 जंगली सुमात्राई हाथियों की देखभाल में सहायता करेगा। ये पहल इंडोनेशिया सरकार और वंतारा के बीच पहले से मौजूद समझौता ज्ञापन (MoU) के तहत व्यापक सहयोग का हिस्सा हैं। यह MoU वन्यजीव स्वास्थ्य, पशु कल्याण और संरक्षण के क्षेत्रों में सहयोग के लिए एक रूपरेखा प्रदान करता है। इसके तहत दोनों पक्षों ने इंडोनेशिया की राष्ट्रीय संरक्षण प्राथमिकताओं के अनुरूप सहयोग के प्राथमिक क्षेत्रों की पहचान की है।
इस साझेदारी के तहत वंतारा अपनी पशु चिकित्सा, पशु देखभाल और संरक्षण संबंधी विशेषज्ञता, तकनीकी क्षमताएं, बुनियादी ढांचे से जुड़ा सहयोग और क्षमता निर्माण कार्यक्रम उपलब्ध कराएगा। इसके लिए वह इंडोनेशिया सरकार, संबंधित राष्ट्रीय संस्थानों और फौना लैंड के साथ मिलकर काम करेगा।व्यापक सहयोग के दायरे में वन्यजीव स्वास्थ्य एवं पशु चिकित्सा देखभाल, प्राकृतिक आवास (In-situ) और संरक्षित परिस्थितियों (Ex-situ) में संरक्षण, पशु कल्याण, संरक्षण प्रजनन, पुनर्वास, पुनः प्राकृतिक आवास में बसाना (Rewilding) और क्षमता निर्माण सहित अन्य पारस्परिक रूप से सहमत क्षेत्र शामिल हैं।

वंतारा के लिए यह सहयोग उसके फाइव ईयर प्लान जारी किए जाने के बाद अंतरराष्ट्रीय संरक्षण गतिविधियों के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इसके माध्यम से जामनगर स्थित वंतारा केंद्र में विकसित विशेषज्ञता और क्षमताओं का इस्तेमाल वन्यजीव स्वास्थ्य, पशु देखभाल और प्राकृतिक आवास में संरक्षण से जुड़ी पहलों के लिए किया जाएगा। यह साझेदारी भारत की CITES प्रबंधन प्राधिकरण के प्रति वंतारा की हालिया स्वैच्छिक प्रतिबद्धताओं के अनुरूप भी है, जिसके तहत वन्यजीवों के प्राकृतिक क्षेत्रों में उनके संरक्षण के लिए अपना सहयोग और मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इंडोनेशिया सरकार और वंतारा, इंडोनेशिया की राष्ट्रीय संरक्षण प्राथमिकताओं तथा लागू कानूनों और नीतियों के अनुरूप सहयोग के निर्धारित क्षेत्रों को आगे विकसित करना जारी रखेंगे।
वंतारा-
वंतारा, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी द्वारा स्थापित एक पशु कल्याण और संरक्षण संगठन है। गुजरात के जामनगर स्थित इसके केंद्र में संचालित Ex-situ कार्यक्रमों में वन्यजीवों का रेस्क्यू, पुनर्वास, उपचार और आवश्यकता पड़ने पर दीर्घकालिक देखभाल शामिल है। इन कार्यक्रमों को उन्नत पशु चिकित्सा सेवाओं, प्रजाति-विशिष्ट पोषण, विशेष बुनियादी ढांचे और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों वाली टीमों का सहयोग मिलता है। वंतारा दुनिया भर में वन्यजीव कल्याण और संरक्षण प्रयासों को समर्थन देने वाली साझेदारियों और सहयोग के माध्यम से पशु स्वास्थ्य, पशु चिकित्सा देखभाल और पशुपालन के क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता का विस्तार कर रहा है।

वंतारा उपयुक्त प्राकृतिक आवासों में Rewilding के माध्यम से स्वस्थ और टिकाऊ वन्यजीव आबादी की भविष्य में पुनर्स्थापना के उद्देश्य से संरक्षण प्रजनन कार्यक्रम भी संचालित करता है। भारत और दुनिया के अन्य हिस्सों में उसका In-situ संरक्षण कार्य स्थानीय प्रजातियों की पुनर्स्थापना, आवास बहाली, स्थानीय समुदायों की भागीदारी और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने पर केंद्रित है। इन प्रयासों को भारत और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सरकारी प्राधिकरणों, संरक्षण संस्थानों तथा अन्य साझेदारों के सहयोग से आगे बढ़ाया जा रहा है।
फौना लैंड इंडोनेशिया का एक प्रमुख वन्यजीव संगठन है, जो वन्यजीव संरक्षण, पशु कल्याण और इंडोनेशिया की जैव विविधता की सुरक्षा के लिए काम करता है। वन्यजीवों की देखभाल, संरक्षण और जमीनी स्तर पर संचालित कार्यक्रमों में अनुभव रखने वाला फौना लैंड, इंडोनेशिया में वन्यजीवों के संरक्षण और कल्याण को मजबूत करने के लिए सरकारी प्राधिकरणों, संरक्षण संस्थानों और अन्य सहयोगी संगठनों के साथ मिलकर काम करता है।
