Breaking News

ईरान जंग: होर्मुज स्ट्रेट पार करके भारत की ओर बढ़ रहा LPG टैंकर 'ग्रीन सांवरी'     |   राज्यसभा चुनाव क्रॉस वोटिंग मुद्दा: हरियाणा कांग्रेस की अनुशासन समिति की बैठक जारी     |   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीएम रंगासामी के साथ पुडुचेरी में रोड शो शुरू किया     |   झारखंड: टॉप माओवादी नेता प्रशांत बोस उर्फ किशन दा का निधन, 1 करोड़ का था इनाम     |   तमिलनाडु विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने 27 उम्मीदवारों के नामों की सूची जारी की     |  

भारतीय नौसेना को मिली तीसरी स्वदेशी परमाणु पनडुब्बी, राजनाथ सिंह ने INS अरिदमन को किया शामिल

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को स्वदेशी परमाणु ऊर्जा से संचालित पनडुब्बी INS अरिदमन को औपचारिक रूप से भारतीय नौसेना में शामिल किया। यह भारत की सामरिक समुद्री क्षमताओं को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। INS अरिदमन, अरिहंत श्रेणी की तीसरी परमाणु पनडुब्बी है, जिसे विशाखापत्तनम में प्रोजेक्ट ATV के तहत तैयार किया गया है। इसके शामिल होने से भारतीय नौसेना की ताकत और बढ़ेगी।

रक्षा मंत्री ने इसी दौरान ‘तरागिरी’ नामक युद्धपोत (फ्रिगेट) को भी नौसेना में शामिल किया। यह कदम ऐसे समय पर उठाया गया है जब भारत के पूर्वी समुद्री तट का रणनीतिक महत्व लगातार बढ़ रहा है और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में भारत की भूमिका मजबूत हो रही है। ‘तरागिरी’ प्रोजेक्ट 17A के तहत विकसित चौथा अत्याधुनिक युद्धपोत है, जिसका वजन करीब 6,670 टन है। इसे मुंबई के मझगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (MDL) ने तैयार किया है। यह जहाज ‘मेक इन इंडिया’ पहल का बेहतरीन उदाहरण है और इसमें 75 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी तकनीक का उपयोग किया गया है।

यह युद्धपोत उन्नत डिजाइन के साथ कम रडार सिग्नेचर वाला है, जिससे यह दुश्मन की नजर से बचते हुए ऑपरेशन कर सकता है। इसमें सुपरसोनिक सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइलें, मीडियम रेंज सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइलें और एंटी-सबमरीन युद्ध प्रणाली जैसे आधुनिक हथियार लगाए गए हैं।

‘तरागिरी’ को CODOG (कंबाइंड डीजल या गैस) प्रोपल्शन सिस्टम से लैस किया गया है, जो इसे तेज गति और लंबी दूरी तक संचालन में सक्षम बनाता है। यह युद्धपोत उच्च स्तरीय युद्ध के साथ-साथ मानवीय सहायता और आपदा राहत (HADR) जैसे अभियानों में भी अहम भूमिका निभा सकता है।भारतीय नौसेना लगातार एक आत्मनिर्भर, मजबूत और आधुनिक बल के रूप में उभर रही है, जो देश की समुद्री सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है। ‘तरागिरी’ और INS अरिदमन इस दिशा में भारत की बढ़ती समुद्री शक्ति के प्रतीक हैं।