Breaking News

वेस्ट एशिया में तनाव के बीच ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमत $98 प्रति बैरल के पार पहुंची     |   कोकरोच जनता पार्टी ने कल देशव्यापी आंदोलन का आह्वान किया     |   24 जुलाई को CJP का देशव्यापी प्रदर्शन, बड़ी संख्या में छात्रों से शामिल होने की अपील     |   संभल हिंसा के मास्टरमाइंड शारिक साठा गैंग के गुर्गे वारिस पर NSA लगाई गई     |   उत्तरखंड: पेपर लीक आरोप के बाद यूटीयू बीटेक परीक्षा रद्द, सहायक प्रोफेसर पर केस     |  

भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, अशोक शर्मा का इंटरनेशनल डेब्यू

भारत और जिम्बाब्वे के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का पहला मुकाबला गुरुवार को हरारे में खेला जा रहा है। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को इस मुकाबले में भारत की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका मिला है।

टॉस के बाद श्रेयस अय्यर ने कहा कि प्रैक्टिस पिच को देखकर उन्हें यहां कुछ उछाल मिलने की उम्मीद है। हालांकि, उन्होंने कहा कि यह इस मैदान पर उनका पहला मैच है, इसलिए उन्हें पिच के व्यवहार का पूरी तरह अंदाजा नहीं है। अय्यर ने जिम्बाब्वे की टीम की भी तारीफ की और कहा कि वह पिछले कुछ वर्षों से शानदार प्रदर्शन कर रही है, खासकर वर्ल्ड कप में टीम का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा था।

श्रेयस अय्यर ने बताया कि भारतीय टीम इस मुकाबले में तीन तेज गेंदबाजों और एक स्पिनर के साथ मैदान पर उतरी है। वहीं, जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने कहा कि हरारे स्पोर्ट्स क्लब की सामान्य पिच के मुकाबले यह पिच थोड़ी अलग है। उन्होंने कहा कि शुरुआत में गेंदबाजों को कुछ मदद मिल सकती है, लेकिन यह ज्यादा देर तक रहने की उम्मीद नहीं है। रजा के मुताबिक, पिच बल्लेबाजी के लिए अच्छी है और उन्हें उम्मीद है कि जिम्बाब्वे की टीम बड़ा स्कोर खड़ा करेगी।

टी20 टीम की कप्तानी संभालने के बाद श्रेयस अय्यर के लिए यह सीरीज काफी अहम है। इससे पहले उनकी कप्तानी में भारत को आयरलैंड के खिलाफ 2-0 से सीरीज हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ टीम 4-0 से सीरीज हार गई थी, जबकि एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था।

भारत की प्लेइंग-11

वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, प्रिंस यादव, अशोक शर्मा और मयंक यादव।

जिम्बाब्वे की प्लेइंग-11

ब्रायन बेनेट, तदिवानाशे मरुमानी (विकेटकीपर), बेन करन, डियोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), रयान बर्ल, वेस्ली मधेवेरे, ब्रैड इवांस, न्यूमैन न्यामहुरी, रिचर्ड नगारवा और ब्लेसिंग मुजरबानी।