Breaking News

शरद पवार की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में एडमिट     |   महाराष्ट्र: गले में इंफेक्शन और बुखार के चलते NCP प्रमुख शरद पवार अस्पताल में भर्ती     |   CM हिमंता की 'गन वाली तस्वीर' पर ओवैसी ने दर्ज कराई FIR     |   असदुद्दीन ओवैसी ने हिमंता सरमा के खिलाफ दर्ज कराई शिकायत, आपराधिक कार्रवाई की मांग     |   लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित     |  

जबलपुर में तेज गर्मी से फसल खराब, सब्जियों के दाम बढ़े

उत्तर और मध्य भारत के ज्यादातर हिस्सों में तेज गर्मी की वजह से फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। इस वजह से मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं।

सबसे ज्यादा इजाफा टमाटर के दाम में हुआ है। जबलपुर में एक किलो टमाटर खरीदने के लिए लोगों को करीब 80 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं।

टमाटर ऐसी सब्जी है, जो जल्दी खराब हो जाती है। ऐसे में इसके दाम काफी हद तक मौसम का मिजाज तय करता है। टमाटर की पैदावार और सप्लाई पर भी मौसम का असर साफ दिखता है। दुकानदारों का कहना है कि इस साल तेज धूप और गर्मी की वजह से टमाटर बहुत तेजी से सड़ रहे हैं। 

लगातार बढ़ती गर्मी की वजह से फसल बर्बाद होने का सबसे ज्यादा खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है। उनके मुताबिक उन्हें भारी नुकसान हो रहा है। वहीं सब्जी खरीदने बाजार पहुंच रहे लोगों का कहना है कि बढ़ते दाम उनके घर का बजट बिगाड़ रहे हैं, जिससे उनके लिए जरूरी किराना सामान खरीदना भी मुश्किल हो रहा है।

किसानों और दुकानदारों का कहना है कि इस साल फसल का बड़ा हिस्सा बर्बाद होने और बाजार में सप्लाई कम होने से आने वाले दिनों में सब्जियों के दाम कम होने की उम्मीद नहीं है।