Breaking News

गोवा से दिल्ली आ रही IndiGo की फ्लाइट का इंजन फेल     |   SCO समिट में 30 से ज्यादा अहम दस्तावेजों पर मुहर, AI से ऊर्जा सुरक्षा तक कई समझौते     |   राम मंदिर के पहले CEO के चयन की प्रक्रिया तेज, 3 सदस्यीय कमेटी ने सौंपी रिपोर्ट     |   संभल शाही जामा मस्जिद सर्वे विवाद पर SC में सुनवाई टली, अब 8 सितंबर को होगी सुनवाई     |   BRICS 2026 कारकेड रिहर्सल को लेकर दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी     |  

मध्य प्रदेश के देवास में आग लगने से पूरे परिवार की हुई मौत

मध्यप्रदेश के देवास जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. आज  अल सुबह शहर के नयापुरा क्षेत्र के एक मकान में भीषण आग लगने से 4 लोगों की मौत हो गई है. ये घटना सुबह 4.30 बजे की है. हादसे में मरने वाले चार लोग एक ही परिवार के हैं. घटना की जानकारी लगते ही देवास नगर निगम की फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग को भारी मशक्कत के बाद काबू में लाया गया. हादसे में यहां रह रहे पति-पत्नी व दोनों बच्चों की मौत हो गई है.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक नयापुरा श्रेत्र के तीन मंजिला मकान में ये आग लगी और देखते-देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. इसी दौरान घर पर रखे सिलेंडर में भी ब्लास्ट हुआ और धमाके से पूरा इलाका गूंज उठा. धुएं और धमाके की आवाज से आसपास के लोग भी जाग उठे और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी. 3 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका. लेकिन इस हादसे में यहां रहने वाले दिनेश कारपेंटर (35), गायत्री कारपेंटर (30), इशिका (10) और चिराग (7) की मौत हो गई है.

घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल, जिला प्रशासन की टीमें और पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद भी मौके पर पहुंचे. आग पर काबू पाने के बाद रेस्क्यू टीमों ने अंदर जाकर देखा तो दिनेश कारपेंटर का पूरा परिवार मृत मिला. पुलिस का मानना है कि तेजी से फैली आग की वजह से सभी का अचानक दम घुट गया. हालांकि, पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का भी इंतजार कर रही है. घर को सील कर दिया गया है और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है.