किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने आज पंजाब में दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक ‘रेल रोको’ की घोषणा की है। उन्होंने पंजाब के लोगों से आज किसानों द्वारा किए जाने वाले ‘रेल रोको’ आंदोलन में बड़ी संख्या में शामिल होने की भी अपील की है।
सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) गारंटी कानून सहित अन्य मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा से जुड़े किसान आज प्रदेश में रेल रोको आंदोलन करेंगे। मोर्चा ने घोषणा की है कि किसान दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक राज्य भर में 23 स्थानों पर ट्रेनें रोकेंगे। इसी बीच खनौरी में 22 दिन से आमरण अनशन पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल की सेहत लगातार नाजुक होती जा रही है।
मंगलवार को उन्होंने सुप्रीम कोर्ट द्वारा बनाई गई विशेष कमेटी के अध्यक्ष नवाब सिंह को पत्र लिखकर स्पष्ट किया है कि किसान अब इस कमेटी से नहीं केवल केंद्र सरकार से बात करेंगे। बता दें सुप्रीम कोर्ट की ओर से बनाई गई छह सदस्यी कमेटी ने किसान नेताओं को 18 दिसंबर को पंचकूला में बातचीत करने के लिए बुलाया है। इस कमेटी को 18 दिसंबर को ही सुप्रीम कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट देनी है।
पटियाला में किसान मजदूर मोर्चा के प्रधान सरवन सिंह पंढेर ने कहा है कि 18 दिसंबर को रेल रोको आंदोलन के लिए राज्य के 23 जिलों में प्वाइंट भी चिन्हित किए गए हैं। उधर, खनौरी में आमरण अनशन पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने सुप्रीम कोर्ट की ओर से बनाई गई कमेटी के अध्यक्ष को लिखे पत्र में कहा है कि मेरे आमरण अनशन की घोषणा चार नवंबर को की गई थी, जिसे 43 दिन हो चुके हैं व अनशन शुरू हुए 22 दिन हो चुके हैं।