छत्तीसगढ़ के बीजापुर और कांकेर जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 30 नक्सली मारे गए। इस घटना में एक जवान की भी मृत्यु हो गई। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के गंगालूर थाना क्षेत्र अंतर्गत बीजापुर और दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में और कांकेर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 30 नक्सलियों को मार गिराया।
उन्होंने बताया कि बीजापुर जिले में 26 नक्सली मारे गए और एक जवान भी शहीद हो गया है, जबकि कांकेर जिले में चार और नक्सली मारे गए। उन्होंने बताया कि बीजापुर और दंतेवाड़ा जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में गंगालूर थाने से नक्सल रोधी अभियान पर सुरक्षाबलों के एक संयुक्त दल को रवाना किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान गुरुवार सुबह सात बजे से नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच लगातार गोलीबारी जारी है। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद के साथ 26 नक्सलियों के शव बरामद किये हैं। उन्होंने बताया कि इस घटना में बीजापुर जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) का एक जवान भी शहीद हो गया।
अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में मुठभेड़ और खोजी अभियान जारी है। कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षक इंदिरा कल्याण एलेसेला ने बताया कि आज सुबह कांकेर और नारायणपुर जिले की सीमा पर जंगल में एक और मुठभेड़ हुई, जब डीआरजी और सीमा सुरक्षा बल का एक संयुक्त दल नक्सल रोधी अभियान पर निकला था।
उन्होंने बताया कि कार्रवाई के बाद चार नक्सलियों के शवों के अलावा ऑटोमेटिक हथियार भी बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि दोनों मुठभेड़ स्थलों पर तलाशी अभियान जारी है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने इसे नक्सलमुक्त भारत अभियान की दिशा में एक बड़ी सफलता बताया।
गृह मंत्री अमित शाह ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कर लिखा, "मोदी सरकार नक्सलियों के विरुद्ध कड़े रुख के साथ आगे बढ़ रही है और समर्पण से लेकर समावेशन की तमाम सुविधाओं के बावजूद जो नक्सली आत्मसमर्पण नहीं कर रहे, उनके खिलाफ बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करने की नीति अपना रही है। अगले साल 31 मार्च से पहले देश नक्सलमुक्त होने वाला है।"
वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लिखा है, ''क्रूर, निरंकुश नक्सलवाद का अंत उचित है, भयमुक्त होगा बस्तर 2026 तक, यह सुनिश्चित है. प्रदेश में नक्सलवाद के विरुद्ध हमारी लड़ाई मजबूती से जारी है। आज सुरक्षाबल के जवानों की नक्सलियों के साथ हुई मुठभेड़ में बीजापुर-गंगालूर में नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। मुठभेड़ में डीआरजी के जवान के शहीद होने की भी दुःखद खबर है। उनकी यह शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी।''
सीएम विष्णु देव साय ने लिखा, ''यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी के मार्च 2026 तक देश-प्रदेश में नक्सलवाद के खात्मे के संकल्प को मजबूती प्रदान करते हुए, सुरक्षाबल के जवान निरंतर सफलता हासिल कर लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। जवानों को मिली यह सफलता सराहनीय है। उनके हौसले और अदम्य साहस को नमन करता हूं।''
छत्तीसगढ़ में इस मुठभेड़ के साथ ही इस साल अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में 113 नक्सली मारे जा चुके हैं। इनमें से 97 बस्तर संभाग में बीजापुर और कांकेर जिलों सहित सात जिलों में मारे गए।
छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, 30 नक्सली ढेर, एक जवान शहीद
You may also like

एअर इंडिया का नेवार्क जाने वाला विमान तकनीकी खराबी के कारण लौटा मुंबई.

Bihar Election 2025: RJD के पूर्व विधायक अनिल कुमार सहनी BJP में शामिल.

उत्तराखंड : गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद.

आंध्र प्रदेश में भारी बारिश का खतरा, कई जिलों में रेड अलर्ट जारी.
